Ghaziabad Murder Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 15 साल की लड़की खुशी की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए 30 साल के आरोपी शहनवाज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच और परिजनों के आरोपों के आधार पर FIR में हत्या की धाराएं जोड़ दी गई हैं। यह घटना 15 जुलाई की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
दूध लेने निकली थी लड़की
लड़की की मां मंजू का आरोप है कि उनकी बेटी खुशी घर के पास मौजूद दुकान पर दूध लेने गई थी। इसी दौरान आरोपी शहनवाज उसे जबरन अपने साथ ले गया। आरोप है कि वह लड़की को एक इमारत की चौथी मंजिल पर ले गया और वहां से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी शहनवाज मौके से फरार हो गया था।
पहले से कर रहा था पीछा
परिजनों का कहना है कि यह कोई अचानक हुई घटना नहीं थी। मां के मुताबिक, शहनवाज पिछले कई हफ्ते से उनकी बेटी का पीछा कर रहा था। उसने कई बार उसे परेशान करने की कोशिश की थी। कुछ दिन पहले इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी भी हुई थी, जिसमें खुशी ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया था। परिवार का आरोप है कि उसी रंजिश में आरोपी शहनवाज ने इस वारदात को अंजाम दिया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर एफआईआर में हत्या की धाराएं जोड़ी गई हैं और आरोपी शहनवाज को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और दूसरे तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय वहां और कौन-कौन मौजूद था। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच की जाएगी।
Read More:

