रंगों का त्योहार होली पूरे देश में उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। जगह-जगह लोग एक-दूसरे को गुलाल और रंग लगाकर गले मिल रहे हैं और शुभकामनाएं दे रहे हैं। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को होली की बधाई दी और सुख-समृद्धि की कामना की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संदेश
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार लोगों के जीवन में प्रेम, आशा और सकारात्मकता का संदेश लेकर आता है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि “सभी देशवासियों को मेरी ओर से होली की हार्दिक शुभकामनाएं। रंगों का यह त्योहार लोगों के जीवन में प्रेम और आशा का संचार करता है तथा आपसी एकता और भाईचारे को मजबूत करता है। मेरी कामना है कि यह पर्व सभी के जीवन में खुशियां लेकर आए और हम सब मिलकर एक विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान दें।”
PM मोदी ने दी देशवासियों को बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार खुशियों और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “सभी देशवासियों को होली की अनंत शुभकामनाएं। रंग और उमंग से भरा यह त्योहार सबके लिए खुशियों की बहार लेकर आए। हर किसी के जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता के रंगों की बौछार हो, यही मेरी कामना है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि होली का पर्व पूरे माहौल में नई ऊर्जा भर देता है और चारों ओर बिखरे खुशियों के रंग लोगों के जीवन में उल्लास और आनंद का संचार करते हैं।
खुशियों का पर्व होली
होली को भारत के सबसे लोकप्रिय और रंगीन त्योहारों में से एक माना जाता है। इस दिन लोग पुराने मतभेद भुलाकर एक-दूसरे को रंग लगाते हैं और रिश्तों में मिठास बढ़ाते हैं।
त्योहार के अवसर पर घरों में गुजिया, मठरी और कई तरह के पारंपरिक पकवान बनाए जाते हैं। लोग अपने परिजनों, रिश्तेदारों और दोस्तों के घर जाकर होली की बधाई देते हैं और साथ मिलकर उत्सव मनाते हैं।