HomeBreaking Newsकरनाल में पुलिस हिरासत में युवक की मौत से हड़कंप, फर्जी मुठभेड़...

करनाल में पुलिस हिरासत में युवक की मौत से हड़कंप, फर्जी मुठभेड़ दिखाने के आरोप में ASI ने खुद को मारी गोली

हरियाणा के करनाल में पुलिस हिरासत के दौरान 32 वर्षीय युवक की मौत के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। शस्त्र अधिनियम के मामले में तीन दिन पहले हिरासत में लिए गए बीजना गांव के जितेंद्र उर्फ जैकी की शनिवार सुबह CIA-2 के पुलिस लाइन स्थित कार्यालय में मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर रिश्वत मांगने और हिरासत में बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगाया है। मामले में नया मोड़ तब आया, जब आरोप है कि घटना को मुठभेड़ का रूप देने की कोशिश में CIA-2 के ASI राजिंद्र ने अपने कंधे पर गोली मार ली। पुलिस अधीक्षक ने CIA-2 इंचार्ज समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

11 नवंबर को घर से ले गई थी CIA-2 की टीम

परिजनों के मुताबिक, CIA-2 की टीम 11 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे जितेंद्र उर्फ जैकी को उसके घर से अपने साथ ले गई थी। परिवार का आरोप है कि उसे हिरासत में लेने के दौरान कोई लिखापढ़ी नहीं की गई। जैकी के पिता विक्रम ने बताया कि 11 नवंबर की देर शाम और 12 नवंबर की सुबह पुलिसकर्मियों ने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल से फोन कर बेटे को छोड़ने के बदले पैसे मांगे थे। परिवार का आरोप है कि रिश्वत नहीं मिलने पर जैकी के साथ मारपीट की गई, जिसके कारण उसकी मौत हुई। परिजनों ने इस मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर जैकी को अवैध हिरासत में रखने की शिकायत भी की थी। उनका दावा है कि CIA-2 की ओर से अदालत में रिपोर्ट देकर कहा गया कि जैकी पुलिस हिरासत में नहीं है।

शनिवार सुबह परिवार को CIA-2 कार्यालय से फोन कर बताया गया कि जैकी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। परिजन जब पुलिस लाइन स्थित कार्यालय पहुंचे तो उन्हें जानकारी मिली कि शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है।

ASI पर फर्जी मुठभेड़ दिखाने की कोशिश का आरोप

जैकी की मौत के बाद CIA-2 के ASI राजिंद्र ने अपने कंधे पर गोली मार ली और एक निजी अस्पताल में भर्ती हो गया। आरोप है कि उसने हिरासत में हुई मौत के मामले को मुठभेड़ का रूप देने की कोशिश की। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियों और ASI की भूमिका की जांच की जा रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक करण गोयल ने CIA-2 के इंचार्ज इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार, ASI राजिंद्र और हेड कांस्टेबल संदीप को निलंबित कर दिया है। जैकी को घर से हिरासत में लेने से लेकर ASI को गोली लगने तक की पूरी घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं।

परिजनों ने पुलिस अधिकारियों को उस समय की CCTV फुटेज भी सौंपी है, जब पुलिसकर्मी जैकी को घर से लेकर गए थे। बताया गया है कि फुटेज में पुलिसकर्मियों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं। कुल छह पुलिसकर्मी जांच के दायरे में हैं।

पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं

जैकी के शव का पोस्टमार्टम चार डॉक्टरों के पैनल ने किया। पोस्टमार्टम के बाद भी मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका। ऐसे में डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रख लिया है, जिसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता चल सकेगा।

DCP गोरखपाल राणा ने बताया कि मामले में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है और विभागीय जांच भी कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति कुछ स्पष्ट हो सकेगी। उधर, मजिस्ट्रेट ने पुलिसकर्मियों, मृतक के परिजनों और पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के बयान दर्ज किए हैं। फिलहाल हिरासत में मौत और ASI को गोली लगने की घटना की जांच जारी है।

Read More

छठ महापर्व पर दिल्ली में भव्य आयोजन, सोनिया विहार घाट पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी CM रेखा गुप्ता

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments