HomeBreaking Newsमोबाइल की किस्त नहीं चुकाई तो ब्लड सेंटर ले जाकर निकलवाया खून,...

मोबाइल की किस्त नहीं चुकाई तो ब्लड सेंटर ले जाकर निकलवाया खून, अब हुए 2 लोग गिरफ्तार

लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में मोबाइल की किस्त के विवाद से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। राजारामखेड़ा गांव के रहने वाले नेवल ने आरोप लगाया कि TVS Service Credit Limited से जुड़े लोगों ने उसे बंधक बनाया और लखनऊ के समाधान चैरिटेबल ब्लड सेंटर ले जाकर उसका एक यूनिट खून निकलवाया। इसके बाद उसे सदर इलाके के एक मकान में रखा गया और जबरन मजदूरी कराई गई। पुलिस ने मामले में अनिकेत सिंह उर्फ काका और सुशांत शर्मा को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी शुभम सिंह की तलाश जारी है।

21,500 रुपये का लिया था फोन

पुलिस के मुताबिक, नेवल ने निगोहां की गीता मोबाइल शॉप से 21,500 रुपये का मोबाइल फोन TVS Service Credit के जरिए फाइनेंस कराया था। पहली किस्त बकाया होने के बाद दुकान से जुड़े लोग करीब एक साल पहले उसका फोन वापस ले गए थे। इसके बावजूद 8 सितंबर को आरोपी दोबारा नेवल के पास पहुंचे और उसे स्कूटी पर बैठाकर अपने साथ ले गए। नेवल का आरोप है कि इसके बाद उसे जबरन लखनऊ के समाधान चैरिटेबल ब्लड सेंटर ले जाया गया, जहां उसका एक यूनिट खून निकलवाया गया। आरोपियों ने इसके बाद उसे सदर इलाके के एक मकान में रखा और उससे जबरन काम कराया।

भाई से ऑनलाइन मंगाए 2,799 रुपये

पीड़ित के मुताबिक, बंधक बनाए रखने के दौरान आरोपियों ने उसके भाई से ऑनलाइन 2,799 रुपये भी मंगवाए। इसके अलावा परिवार से 12 हजार रुपये और देने की मांग की गई। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। परिजनों ने मामले की शिकायत डीसीपी दक्षिणी से की, जिसके बाद निगोहां पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने टीम गठित कर अनिकेत सिंह और सुशांत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी शुभम सिंह अभी फरार बताया जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

मामले में आगे की जांच जारी

यह मामला मीडिया में सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने भी संज्ञान लिया। जांच एजेंसियां अब पूरे घटनाक्रम और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस आरोपों से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ यह भी पता लगा रही है कि पीड़ित को किन परिस्थितियों में ब्लड सेंटर ले जाया गया था।

मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Read More

Flipkart के एक ऑर्डर पर 1,051 रुपये की एक्स्ट्रा फीस, ग्राहक ने शेयर किया स्क्रीनशॉट

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments