मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव(CM Mohan Yadav) ने 13 सितंबर को आगर मालवा जिले से लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी की। इस दौरान प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में कुल 1835 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए। सरकार की इस किस्त के साथ लाभार्थी महिलाओं को हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता जारी रखने का भरोसा भी दोहराया गया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान आगर मालवा जिले के लिए 226 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले 33 विकास कार्यों की घोषणा की। इसके अलावा करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 17 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का अभिषेक किया। उन्होंने प्रदेश की खुशहाली, शांति और लोगों के कल्याण की कामना की।
सरकार निभा रही अपना वादा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं से किया गया वादा पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की सहायता दी जा रही है। उनके मुताबिक, अब तक करीब 55 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि लाभार्थी महिलाओं के खातों तक पहुंचाई जा चुकी है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष ने योजना को लेकर कई सवाल उठाए थे और इसके जारी रहने पर संदेह जताया था, लेकिन सरकार ने योजना को लगातार आगे बढ़ाया।
पीएम मोदी के जन्मदिन पर दीप जलाने की अपील
मुख्यमंत्री ने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को होने वाले जन्मदिन के अवसर पर घर-घर दीप जलाकर दीपावली जैसा उत्सव मनाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं को भी आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है।