जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने अमेरिका में धोखाधड़ी के मामले में वांछित बताए जा रहे मनजीत सिंह बेदी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, अमेरिका में उसके खिलाफ सप्लीमेंटल न्यूट्रिशन असिस्टेंस प्रोग्राम (SNAP) से जुड़े लाभ में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। जांच एजेंसियों के अनुसार, कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए वह अप्रैल 2026 में कनाडा के रास्ते भारत आया था और इसके बाद जालंधर में रह रहा था।
EBT कार्ड से लेनदेन में धोखाधड़ी का आरोप
पुलिस के मुताबिक मनजीत सिंह बेदी भारत में जन्मा अमेरिकी नागरिक है और वह वाशिंगटन के टैकोमा में किराने की दुकान चलाता था। उस पर मार्च 2024 से जून 2025 के बीच SNAP योजना में करीब 6 लाख अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। अमेरिकी मामले के अनुसार, वह ग्राहकों के इलेक्ट्रॉनिक बेनिफिट ट्रांसफर (EBT) कार्ड स्वाइप कर उनके लिए उपलब्ध खाद्य लाभ के बदले नकद रकम देता था। आरोप है कि इस लेनदेन में वह करीब 50 प्रतिशत राशि कमीशन के तौर पर अपने पास रखता था। मामला सामने आने के बाद अदालत ने उसे पासपोर्ट जमा करने और वाशिंगटन राज्य में रहने की शर्त पर पेशी की अनुमति दी थी।
गिरफ्तारी वारंट के बाद भारत पहुंचा
पुलिस के अनुसार, मनजीत ने अदालत की शर्तों का पालन नहीं किया और कनाडा सीमा के रास्ते भारत आ गया। 21 मई 2025 को अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। इसके बाद FBI ने उसे वांछित धोखाधड़ी आरोपितों की सूची में शामिल किया और उसकी गिरफ्तारी या दोषसिद्धि में मदद करने वाली जानकारी के लिए 1,50,000 अमेरिकी डॉलर यानी करीब 1.25 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की थी।
विदेशी कनेक्शन की जांच
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मनजीत भारत आने के बाद किन लोगों के संपर्क में था और उसने यहां किन जगहों पर ठिकाना बनाया। उसकी गतिविधियों के साथ-साथ किसी अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है।
Read More
अभिषेक बनर्जी के ऑफिस पर बड़ा एक्शन! बिल्डिंग खाली करने का नोटिस, बढ़ी मुश्किलें

