पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ राज्यव्यापी कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने प्रदेशभर में पहले से चिन्हित और मैप की गई जगहों पर एक साथ छापेमारी की। इस अभियान का मकसद गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क से जुड़े लोगों पर शिकंजा कसना और राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है। पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान कुल 595 स्थानों पर रेड की गई। कार्रवाई के दौरान 389 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 7 घोषित अपराधियों (PO) को भी पुलिस ने पकड़ने में सफलता हासिल की है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 16 अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े लोगों और उनके सहयोगियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
अब तक 66 हजार से ज्यादा गिरफ्तारियां
पंजाब पुलिस के अनुसार, गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कुल 66,046 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं। पुलिस लगातार गैंगस्टरों, उनके सहयोगियों और आपराधिक गतिविधियों में मदद करने वाले लोगों की पहचान कर कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने साफ किया है कि गैंगस्टर नेटवर्क को जड़ से खत्म करने और पंजाब को सुरक्षित बनाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसके लिए विभिन्न जिलों में संदिग्ध ठिकानों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
जनता से सहयोग के लिए किया अपील
पंजाब पुलिस ने आम लोगों से भी गैंगस्टर गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, लोग अपनी पहचान बताए बिना भी सूचना दे सकते हैं। इसके लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 जारी किया गया है। पुलिस का कहना है कि गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई में आम लोगों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है।
Read More
गुरदासपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.184 किलो हेरोइन और अवैध पिस्तौल बरामद


[…] […]