दिल्ली(Delhi) के कल्याणपुरी इलाके से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां एक सफाईकर्मी की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान खोड़ा कॉलोनी निवासी अनिल के रूप में बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अनिल अपना काम कर रहे थे और इसी दौरान आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल शव को मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके और उन्हें जल्द पकड़ा जा सके। हालांकि, इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के पीछे की वजह को लेकर अंतिम जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पूरे परिवार में पसरा मातम
अनिल की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल में भी बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। घटना के बाद कल्याणपुरी इलाके में भी तनाव और चिंता का माहौल देखने को मिला। सफाईकर्मी के साथ हुई इस वारदात ने लोगों को झकझोर दिया है।
बीजेपी विधायक ने जताया दुख
त्रिलोकपुरी के बीजेपी विधायक रविकांत उज्जैनवाल ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि पुलिस ने मामले को तुरंत अपने हाथ में लिया है। उन्होंने सफाईकर्मी पर हमले की निंदा की और कहा कि अनिल अपना काम कर रहे थे ऐसे में उनके साथ इस तरह की हिंसा बेहद दुखद और निंदनीय है।
विधायक ने कहा कि आरोपी की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं। साथ ही उन्होंने सफाईकर्मियों की मेहनत और सेवा भावना को भी याद किया जो लोगों के जागने से पहले ही शहर की सफाई में जुट जाते हैं।