उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में गुरुवार रात निर्माणाधीन THDC टनल में अचानक पानी और मलबा घुसने से बड़ा हादसा हो गया। घटना विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना से जुड़ी सुरंग में हुई। हादसे के बाद कई श्रमिक टनल के अंदर फंस गए। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे में 7 मजदूरों की मौत हुई है जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी(CM Dhami) पीपलकोटी पहुंचे। खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर की लैंडिंग भी चुनौतीपूर्ण रही। मौके पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव अभियान की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन, पुलिस, SDRF, NDRF और अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों से रेस्क्यू की प्रगति की जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
श्रमिकों को सुरक्षित निकालना पहली प्राथमिकता
CM ने रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टनल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जाए। हादसे के बाद विभिन्न बचाव एजेंसियां लगातार अभियान में जुटी हैं।
रातभर जारी रहा राहत-बचाव अभियान
घटना के बाद जिला प्रशासन ने रातभर राहत और बचाव कार्य चलाया। जिलाधिकारी गौरव कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर रहकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं। पानी और मलबे के कारण बचाव दलों के सामने मुश्किलें बनी हुई हैं लेकिन अभियान को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
करीब डेढ़ किलोमीटर हिस्से में आया मलबा
जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन टनल की कुल लंबाई करीब 3 किलोमीटर है। इसके लगभग 1.5 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के बाद पानी और मलबा पहुंच गया, जिससे अंदर काम कर रहे श्रमिकों के लिए स्थिति बेहद गंभीर हो गई। फिलहाल प्रशासन और बचाव एजेंसियों का पूरा ध्यान फंसे श्रमिकों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने पर है।