देहरादून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले बड़ा हादसा हो गया। बन्नू स्कूल ग्राउंड में कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान कांग्रेस नेता अमर मेहता के सिर पर लोहे का रॉड गिर गया। गंभीर रूप से घायल मेहता को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मंच निर्माण के दौरान सिर पर गिरा लोहे का रॉड
राहुल गांधी का 17 जुलाई को देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम प्रस्तावित था। कांग्रेस नेता अमर मेहता इसी कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टेंट और मंच निर्माण से जुड़े काम के दौरान अचानक लोहे का रॉड उनके सिर पर गिर गया।हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल अमर मेहता को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस-प्रशासन ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और मंच एवं टेंट निर्माण के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। घटना के बाद निर्माण कार्य को भी कुछ समय के लिए रोक दिया गया।
अनुमति विवाद के बाद बदला गया था कार्यक्रम स्थल
राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पहले देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाना प्रस्तावित था। अनुमति को लेकर हुए विवाद के बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम स्थल बदलकर बन्नू स्कूल मैदान कर दिया था। कार्यक्रम से ठीक पहले हुए इस हादसे के बाद आयोजन स्थल पर की गई सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्य के दौरान बरती गई सावधानियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Read More

