President Droupadi Murmu Soushrutam 2026: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज नई दिल्ली में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार ‘सौश्रुतम्-2026’ का उद्घाटन करेंगी। आयुष मंत्रालय की ओर से आयोजित यह सेमिनार 17 जुलाई तक चलेगा। इसमें आयुर्वेद और आधुनिक शल्य चिकित्सा के एकीकरण पर देश-विदेश के एक्सपर्ट्स विचार-विमर्श करेंगे।
आयुर्वेद और आधुनिक सर्जरी पर होगा मंथन
सुश्रुत जयंती के अवसर पर आयोजित इस सेमिनार में आचार्य सुश्रुत की शल्य परंपरा को आधुनिक चिकित्सा तकनीक से जोड़ने पर फोकस रहेगा। वैज्ञानिक सत्रों में शल्य सिद्धांत, व्रण प्रबंधन (Wound Management), अग्निकर्म, क्षारसूत्र और मर्म चिकित्सा जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। सेमिनार में पैनल चर्चा, कार्यशालाएं और शोध-पत्र प्रस्तुतियां भी आयोजित होंगी।
NCISM अध्ययन और MRI प्रणाली का होगा शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान NCISM द्वारा तैयार आयुर्वेद महिला स्नातकों के पेशेवर करियर पर राष्ट्रीय अध्ययन जारी किया जाएगा। इसके अलावा 14.5 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 3-टेस्ला हाई-फील्ड MRI प्रणाली का उद्घाटन भी होगा, जिससे संस्थान की आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी।
रोबोटिक सर्जरी होगी सबसे बड़ा आकर्षण
सेमिनार की सबसे बड़ी विशेषता आयुर्वेदिक अस्पताल में पहली बार रोबोटिक सर्जरी का प्रदर्शन होगा। आयोजन अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) योगेश बड़वे के अनुसार, भारत के किसी भी आयुर्वेदिक अस्पताल में इस तरह का यह पहला प्रदर्शन होगा। इसके साथ ही जनरल सर्जरी, लैप्रोस्कोपिक, वैस्कुलर, ब्रेस्ट, यूरो और एनो-रेक्टल सर्जरी के लाइव सर्जिकल डिमॉन्स्ट्रेशन भी किए जाएंगे।
दुनियाभर के एक्सपर्ट्स होंगे शामिल
इस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में थाईलैंड, इजराइल, ऑस्ट्रिया, यूनाइटेड किंगडम, श्रीलंका, इंडोनेशिया, नेपाल और ग्रीस के प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं शल्य विशेषज्ञ भाग लेंगे। वहीं, भारत के AIIMS, SGPGI लखनऊ और सर गंगा राम अस्पताल के विशेषज्ञ भी अपने अनुभव साझा करेंगे। उद्घाटन समारोह में आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव, दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरणजीत सिंह संधू और आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा भी मौजूद रहेंगे।
Read More:
पंजाब कांग्रेस की कलह पर दिल्ली में आज फिर मंथन, 2 दिन तक चलेगी अहम बैठक, भूपेश बघेल भी होंगे शामिल

