HomeBreaking Newsहिमाचल प्रदेश में रातभर कांपी धरती! तीन बार महसूस हुए भूकंप के...

हिमाचल प्रदेश में रातभर कांपी धरती! तीन बार महसूस हुए भूकंप के झटके, अस्पताल की छत गिरी, कई मकानों को नुकसान

Himachal Pradesh Earthquake: हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार रात भूकंप के लगातार तीन झटकों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। सबसे पहले रात 10:04 बजे रिक्टर स्केल पर 5.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसके बाद रात 11:04 बजे 2.8 और 11:52 बजे 3.0 तीव्रता के दो और झटके महसूस किए गए। तीनों भूकंपों का केंद्र चंबा जिला रहा। लगातार आए झटकों के कारण लोग पूरी रात दहशत में रहे और कई स्थानों पर घरों से बाहर निकल आए।

कांगड़ा में मकानों में आईं दरारें

पहला झटका काफी तेज होने के कारण जिला कांगड़ा के कई इलाकों में नुकसान की खबरें सामने आई हैं। धर्मशाला सहित आसपास के क्षेत्रों में कई मकानों की दीवारों में दरारें पड़ गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार झटके इतने तेज थे कि घरों के अंदर रखा सामान भी हिलने लगा, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया।

पालमपुर अस्पताल की छत को पहुंचा नुकसान

पालमपुर स्थित सिविल अस्पताल के पुराने भवन को भी भूकंप से नुकसान पहुंचा है। अस्पताल की दूसरी मंजिल की छत का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई मरीज घायल नहीं हुआ। छत को नुकसान पहुंचने के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में डर का माहौल देखा गया। बताया जा रहा है कि यह भवन काफी पुराना है और पहले से असुरक्षित घोषित किया जा चुका है।

शाहपुर में रहने लायक नहीं रहा मकान

कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के माहड़ गांव में एक स्लेटपोश मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। मकान की छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद वह रहने योग्य नहीं बचा। मकान मालिक जिगरी राम ने प्रशासन और सरकार से राहत एवं मुआवजे की मांग की है।

पंजाब तक महसूस हुए झटके

भूकंप का असर केवल हिमाचल प्रदेश तक सीमित नहीं रहा। तेज झटकों के कारण पड़ोसी राज्य पंजाब के कई इलाकों में भी कंपन महसूस किया गया। झटके महसूस होते ही लोग एहतियात के तौर पर घरों और इमारतों से बाहर निकल आए।

दो दशक में महसूस हुआ बड़ा झटका

विशेषज्ञों के अनुसार कम गहराई में आने वाले भूकंप का प्रभाव अधिक व्यापक और तीव्र महसूस होता है। यही वजह रही कि 5.0 तीव्रता का यह भूकंप प्रदेश के बड़े हिस्से में साफ तौर पर महसूस किया गया। पिछले दो दशकों में हिमाचल प्रदेश में अधिकांश भूकंपों की तीव्रता 2 से 4 रिक्टर स्केल के बीच रही है, जबकि शुक्रवार रात दर्ज किया गया झटका अपेक्षाकृत अधिक शक्तिशाली माना जा रहा है।

Read More:

15 लाख फॉलोअर्स वाला कुत्ता घर छोड़ विदेश गया मालिक, पीछे से उठा ले गए चोर, चंद पैसों के लिए किया इतना घिनौना काम कि…

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments