नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आज शाम 4 बजे चुनाव आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहा है। माना जा रहा है कि इस दौरान पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों का पूरा कार्यक्रम घोषित किया जा सकता है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी मौजूद रहेंगे।
चुनावी राज्यों का दौरा कर चुकी है आयोग की टीम
पिछले कुछ हफ्तों में चुनाव आयोग की टीम ने सभी चुनावी राज्यों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया है। फरवरी में असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी, 6-7 मार्च को केरल और 9-10 मार्च को पश्चिम बंगाल में बैठकें आयोजित की गईं। इस दौरान राजनीतिक दलों, प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के साथ चर्चा की गई। आयोग ने हिंसा रोकने, मतदाता सूची में सुधार, EVM-VVPAT की जांच और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया।
कार्यकाल खत्म होने से पहले चुनाव जरूरी
इन पांचों राज्यों की विधानसभा का कार्यकाल अगले कुछ महीनों में समाप्त होने वाला है।
-
पश्चिम बंगाल – 7 मई 2026
-
तमिलनाडु – 10 मई 2026
-
असम – 20 मई 2026
-
केरल – 23 मई 2026
-
पुडुचेरी – 15 जून 2026
संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार इन राज्यों में कार्यकाल समाप्त होने से पहले चुनाव कराना जरूरी है।
पिछली बार किसकी बनी थी सरकार
पिछले विधानसभा चुनावों में इन राज्यों में अलग-अलग राजनीतिक दलों ने जीत दर्ज की थी।
-
असम (2021) – तीन चरणों में मतदान, भाजपा ने लगातार दूसरी बार सरकार बनाई।
-
पश्चिम बंगाल – आठ चरणों में चुनाव, टीएमसी ने 215 सीटें जीतकर ममता बनर्जी फिर मुख्यमंत्री बनीं।
-
तमिलनाडु – एक चरण में मतदान, डीएमके ने बहुमत हासिल कर एम.के. स्टालिन को मुख्यमंत्री बनाया।
-
केरल – एलडीएफ ने 99 सीटें जीतकर पिनराई विजयन दोबारा सत्ता में आए।
-
पुडुचेरी – एनडीए ने 16 सीटें जीतकर एन. रंगास्वामी के नेतृत्व में सरकार बनाई।

