बिहार(Bihar) के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में बुधवार दोपहर बड़ी लूट की घटना सामने आई। कालीबाग थाना क्षेत्र के सुप्रिया सिनेमा रोड स्थित Senco Gold एंड डायमंड ज्वैलरी शोरूम को हथियारबंद अपराधियों ने निशाना बनाया। जानकारी के मुताबिक, करीब 6 से 8 बदमाश हथियार लेकर शोरूम में दाखिल हुए और कर्मचारियों को धमकाकर अपने कब्जे में कर लिया।
अपराधियों ने कर्मचारियों को हथियार दिखाकर डराया और इसके बाद दुकान में रखे कीमती गहने और नकदी लूटनी शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से शोरूम में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
सोने-चांदी के गहने और कैश लेकर फरार
शुरुआती जानकारी के अनुसार, बदमाश शोरूम से सोने-चांदी के आभूषणों के साथ बड़ी मात्रा में नकदी भी ले गए। कर्मचारियों का दावा है कि लुटेरे दुकान में मौजूद लगभग सभी कीमती गहने और कैश समेटकर फरार हुए हैं। लूटी गई संपत्ति का मूल्य करोड़ों रुपये बताया जा रहा है।
लूट के दौरान अपराधियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। बताया जा रहा है कि जब एक कर्मचारी ने विरोध करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उसे बंदूक की बट से पीटकर घायल कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले। व्यस्त सड़क पर हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई।
DIG और SSP ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
लूट की सूचना मिलते ही चंपारण रेंज के DIG हर किशोर राय और SSP कुमार गौतम पुलिस टीम के साथ शोरूम पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और कर्मचारियों से पूछताछ कर पूरी घटना की जानकारी जुटाई।
CCTV फुटेज से बदमाशों की तलाश
पुलिस शोरूम में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही बदमाशों के आने-जाने के रास्तों और इस्तेमाल किए गए वाहनों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाश जारी है। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।