IND vs NZ 2nd T20I: भारत ने शनिवार, 24 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में न्यूजीलैंड को दूसरे टी20 मुकाबले में 4 विकेट से हरा दिया। 181 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 19.5 ओवर में 6 विकेट गंवाकर जीत हासिल की। तिलक वर्मा ने 26 गेंदों पर 6 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 51 रन बनाए। नीतीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंदों पर नाबाद 26 रन ठोके। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 30 गेंदों में 69 रन जोड़े।
शुरुआत में लड़खड़ा गया भारत
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को शुरुआती झटके लगे। संजू सैमसन 14 और वैभव सूर्यवंशी 4 रन बनाकर आउट हुए। अभिषेक शर्मा ने 3 चौकों और एक छक्के के साथ 27 रन बनाए। मिचेल सेंटनर ने एक ही ओवर में श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल को आउट कर भारत का स्कोर 70/5 कर दिया। नमन धीर ने 17 गेंदों में 31 रन बनाकर उम्मीद जगाई, लेकिन सेंटनर ने उन्हें भी पवेलियन भेज दिया।
न्यूजीलैंड ने बनाए 180 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अर्शदीप सिंह ने टिम सीफर्ट को 7 रन पर आउट किया। भुवनेश्वर कुमार ने डेरिल मिचेल को 6 रन पर चलता किया, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय में वापसी के बाद उनका पहला विकेट रहा। प्रिंस यादव ने फिन एलन को 16 रन पर बोल्ड किया।
फिलिप्स-जैकब्स ने संभाली पारी
इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स ने चौथे विकेट के लिए 116 रन जोड़कर न्यूजीलैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। फिलिप्स ने 43 गेंदों पर 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 70 रन बनाए, जबकि जैकब्स ने 46 गेंदों में 5 चौकों और एक छक्के के साथ 58 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने 5 विकेट पर 180 रन बनाए। भारत की ओर से अर्शदीप ने 2, जबकि भुवनेश्वर, प्रिंस और नीतीश ने एक-एक विकेट लिया।
भारत ने सीरीज में बनाई 2-0 की बढ़त
भारत ने पहले टी20 में भी न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया था और 226 रन का लक्ष्य हासिल किया था। दूसरे मैच में जीत के साथ श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। तीसरा टी20 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में दोपहर 12:30 बजे खेला जाएगा। इसके बाद 30 अक्टूबर को ऑकलैंड और 1 नवंबर को हैमिल्टन में मुकाबले होंगे।
भारत-न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड
दोनों टीमों के बीच अब तक 33 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच हुए हैं। भारत ने 19 और न्यूजीलैंड ने 11 मैच जीते हैं, जबकि 3 मुकाबले टाई रहे। इनमें दो टाई मैचों का फैसला सुपर ओवर में हुआ, जहां भारत विजयी रहा।
Read More:

