HomeBreaking Newsजॉर्डन के चर्च पर हमले में 7 की मौत, 34 घायल, भारत...

जॉर्डन के चर्च पर हमले में 7 की मौत, 34 घायल, भारत ने जताया दुख, जयशंकर बोले- आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई रहेगी जारी

जॉर्डन के कराक शहर में चर्च पर हुए हमले की भारत ने कड़े शब्दों में निंदा की है। शुक्रवार को सामने आई इस घटना में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 अन्य घायल हो गए। भारत के विदेश मंत्रालय ने हमले को ‘नृशंस’ और ‘कायरतापूर्ण’ करार देते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। मंत्रालय ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। भारत ने इस मुश्किल घड़ी में जॉर्डन की सरकार और वहां के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

चर्च में अंतिम संस्कार के दौरान हुई गोलीबारी

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह हमला जॉर्डन के कराक इलाके के हमूद गांव में स्थित एक ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च में हुआ। बताया गया है कि चर्च में अंतिम संस्कार की रस्म चल रही थी, तभी बंदूकधारियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इस हमले में सात लोगों की जान चली गई और 34 लोग घायल हो गए।घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है। हमले को लेकर जॉर्डन में सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही है। हालांकि, हमले के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों के बारे में विस्तृत जानकारी संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

भारत ने कहा- जॉर्डन के साथ मजबूती से खड़ा है देश

भारत के विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक बयान जारी कर हमले की निंदा की। बयान में कहा गया कि भारत 23 अक्टूबर को कराक के चर्च पर हुए हमले की स्पष्ट रूप से निंदा करता है। मंत्रालय ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि निर्दोष लोगों की मौत और कई अन्य के घायल होने की खबर से वह बेहद दुखी हैं। जयशंकर ने दोहराया कि भारत इस कठिन समय में जॉर्डन की सरकार और वहां के मित्रवत लोगों के साथ खड़ा है। उन्होंने आतंकवाद के सभी रूपों और तरीकों के खिलाफ लड़ाई जारी रखने की भारत की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

जॉर्डन के राजा ने दोषियों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी

जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय ने भी हमले पर दुख व्यक्त किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हिंसा के जरिए जॉर्डन के लोगों के बीच विभाजन पैदा करने की कोशिश सफल नहीं होगी। उनके मुताबिक, देश के उत्तर से दक्षिण तक सभी नागरिक अपनी जमीन और भविष्य के साझेदार हैं और उनके बीच एकता को कोई ताकत नहीं तोड़ सकती। राजा ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने यह भी कहा कि हर जॉर्डनवासी की जान महत्वपूर्ण है और देश को धमकी देने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। हमले की जांच और दोषियों की पहचान को लेकर अब आगे की कार्रवाई पर नजर है।

Read More

UP PET 2026 – 35 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, CM योगी ने सुरक्षा और ट्रांसपोर्ट को लेकर दिए सख्त निर्देश

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments