Mayapuri Cocaine Supplier Arrested: पश्चिम जिला नारकोटिक्स सेल ने मायापुरी इलाके में कोकीन की सप्लाई करने पहुंचे 34 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तम नगर निवासी आकाश उर्फ अक्की उर्फ सुशांत के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चार ग्राम कोकीन, पिस्टल, मैगजीन, पांच कारतूस और एक स्विफ्ट कार बरामद की है।
सोवा क्लब के पास देर रात पकड़ा गया
जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी के मुताबिक, 21 अगस्त को एंटी-नारकोटिक्स सेल को सूचना मिली थी कि कोकीन की सप्लाई से जुड़ा एक व्यक्ति मायापुरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित सोवा क्लब के पास आने वाला है। इसके बाद निरीक्षक अमित धानी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात इलाके में घेराबंदी कर दी। रात करीब 12.20 बजे स्विफ्ट कार से पहुंचे आकाश को पुलिस ने पकड़ लिया।
तलाशी में कोकीन के साथ हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से कोकीन के अलावा पिस्टल, मैगजीन और पांच कारतूस भी बरामद हुए। पुलिस ने स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है। मामले में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
प्राइवेट जिम ट्रेनर है आरोपी
जांच में सामने आया कि आकाश प्राइवेट जिम ट्रेनर है और अपने ग्राहकों को कोकीन सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार, वह पश्चिमी दिल्ली के नाइट लाइफ सर्किट में मौजूद अपने संपर्कों का इस्तेमाल कर ड्रग्स की सप्लाई करता था।
पहले भी सोवा क्लब जा चुका था
पुलिस पूछताछ में आकाश ने बताया कि वह इससे पहले 4-5 बार मायापुरी के सोवा क्लब जा चुका है। 21 अगस्त की रात भी वह अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए वहां गया था। इसी दौरान उसके दो पुराने दोस्तों ने उससे कोकीन का इंतजाम करने के लिए कहा था।
पुलिस कर रही पूरे नेटवर्क की जांच
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आरोपी के संपर्कों और कोकीन सप्लाई के नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को ड्रग्स कहां से मिलती थी और पश्चिमी दिल्ली के नाइट लाइफ सर्किट में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
Read More:
CM योगी की अध्यक्षता में UP कैबिनेट की अहम बैठक आज, 19 से ज्यादा प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

