पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी देवी(Rabri Devi) के सरकारी आवास से सामान हटाने का दौर जारी है। इसी दौरान सोमवार रात आवास के मुख्य द्वार के ऊपर लगी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की पहचान मानी जाने वाली ‘लालटेन’ को हटा दिया गया। यह बदलाव करीब 20 साल बाद देखने को मिला है जिसके बाद इस सरकारी आवास की पुरानी तस्वीर बदल गई है।
जानकारी के मुताबिक, राबड़ी देवी के आप्त सचिव ने भवन निर्माण विभाग को पत्र लिखकर आवास खाली करने के लिए 5 जुलाई तक का समय मांगा है। पत्र में विभाग की ओर से जारी अंतिम नोटिस का भी उल्लेख किया गया है। सचिव ने विभाग से आवंटन के समय उपलब्ध कराए गए सरकारी सामानों की आधिकारिक सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि सूची मिलने के बाद सामानों का मिलान कर आवास खाली करने की प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सकेगा।
2006 में मिला था सरकारी आवास
10 सर्कुलर रोड स्थित यह आवास वर्ष 2006 में राबड़ी देवी को आवंटित किया गया था। करीब दो दशक तक यह बिहार की राजनीति का प्रमुख केंद्र बना रहा। अब आवास खाली करने की प्रक्रिया के दौरान पुराने रिकॉर्ड और सरकारी सामानों को लेकर विभाग और आरजेडी पक्ष के बीच समन्वय की प्रक्रिया चल रही है।
सामान शिफ्टिंग जारी
विभाग की ओर से जारी समय सीमा के बीच रविवार को पूरे दिन आवास से सामान हटाने का काम चलता रहा। बताया जा रहा है कि सामान को फिलहाल लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में रखा जा रहा है क्योंकि नए आवास में कुछ काम अभी बाकी है। वहीं, राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि परिवार के कुछ सदस्य आगे चलकर तेजस्वी यादव के 1 पोलो रोड स्थित सरकारी आवास में जा सकते हैं।
हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। राबड़ी आवास से ‘लालटेन’ का हटना बिहार की राजनीति में एक प्रतीकात्मक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। वर्षों तक यह स्थान आरजेडी की राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। अब आवास खाली होने के साथ ही इसकी पुरानी पहचान भी बदल रही है।