दिल्ली नगर निगम (MCD) में मेयर पद के लिए होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवार के तौर पर प्रवेश वाही के नाम का ऐलान कर दिया है। वर्तमान में वह सदन के नेता हैं और पार्टी ने उन्हें इस अहम जिम्मेदारी के लिए चुना है।
निर्विरोध जीत की संभावना मजबूत
इस बार मेयर चुनाव में बीजेपी की स्थिति काफी मजबूत नजर आ रही है। इसकी बड़ी वजह यह है कि आम आदमी पार्टी (AAP) ने चुनाव में अपना उम्मीदवार उतारने का फैसला नहीं किया है। वहीं, कांग्रेस और अन्य दलों के पास पर्याप्त संख्या नहीं है कि वे बीजेपी को कड़ी चुनौती दे सकें। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि प्रवेश वाही निर्विरोध मेयर चुने जा सकते हैं, अगर नामांकन के अंतिम समय तक कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं उतरता।
नाम पर आखिरी समय तक चला मंथन
सूत्रों के अनुसार, उम्मीदवार के नाम को लेकर पार्टी के भीतर काफी विचार-विमर्श हुआ। बुधवार शाम तक भी वरिष्ठ नेताओं के बीच सहमति नहीं बन पाई थी, जिसके बाद अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व पर छोड़ दिया गया। हालांकि गुरुवार 23 अप्रैल को नामांकन की आखिरी तारीख होने के चलते पार्टी ने अंत में प्रवेश वाही के नाम पर मुहर लगा दी।
राजा इकबाल को नहीं मिला दोबारा मौका
मौजूदा मेयर राजा इकबाल सिंह को इस बार पार्टी ने दोबारा मौका नहीं दिया। हालांकि, उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें निगम में किसी अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। दिल्ली नगर निगम के 250 पार्षदों में से 123 पार्षद बीजेपी के पास हैं, जो उसे स्पष्ट बढ़त देता है। यही वजह है कि मेयर पद पर बीजेपी की जीत लगभग तय मानी जा रही है। हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि असली चुनौती चुनाव जीतने के बाद शुरू होगी। केंद्र और दिल्ली में सत्ता में होने के चलते अब बीजेपी पर बेहतर प्रदर्शन करने का दबाव रहेगा, खासकर तब जब आम आदमी पार्टी ने इस चुनाव से दूरी बनाकर रणनीतिक कदम उठाया है।
Read More
आज शाम 4 बजे आएंगे UP बोर्ड के 10वीं और 12वीं के परिणाम, यहां चेक करें रिजल्ट

