Thursday, February 19, 2026
HomeCurrent Newsकांग्रेस के जिला इंचार्जों की नियुक्ति में भी गुटबाजी, सैलजा और सुरजेवाला...

कांग्रेस के जिला इंचार्जों की नियुक्ति में भी गुटबाजी, सैलजा और सुरजेवाला के समर्थकों को रखा गया दूर !

चंद्रशेखर धरणी : विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद से कांग्रेस में मची हलचल थमने का नाम नहीं ले रही है। इतना ही नहीं कुमारी सैलजा, रणदीप सुरजेवाला और भूपेंद्र सिंह हुड्डा की गुटबाजी भी किसी से छिपी नहीं है। विधानसभा चुनाव में मिली हार के पीछे प्रदेश में पार्टी का संगठन नहीं होने का एक कारण सामने आने के बाद पार्टी इसे लेकर गंभीर हुई है। भले ही पार्टी की ओर से अभी तक अपने विधायक दल के नेता के नाम का ऐलान नहीं किया गया हो, लेकिन कांग्रेस की ओर से हरियाणा के सभी 22 जिलों में इंचार्ज नियुक्त किए गए हैं।

कांग्रेस की ओर से जारी लिस्ट में मौजूदा विधायकों के साथ ही कई पूर्व विधायकों, पूर्व मंत्रियों और चुनाव हार चुके नेताओं को जिला इंचार्ज की जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान की ओर से की इन नियुक्तियों में भी कुमारी सैलजा और रणदीप सुरजेवाला के गुट के नेताओं को पूरी तरह से नजर अंदाज किया गया है।

इन्हें मिली जिला इंचार्ज की जिम्मेदारी

पूर्व विधायक बिशनलाल सैनी को अंबाला, पूर्व मुख्य ससंदीय सचिव राव दान सिंह को भिवानी तथा पूर्व मंत्री सुभाष गोयल को चरखी दादरी का प्रभारी बनाया है। नूंह विधायक आफताब अहमद को फरीदाबाद, पूर्व विधायक अमित सिहाग को फतेहाबाद, कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला को हिसार, पूर्व विधायक चिरंजीव राव को झज्जर, पूर्व मंत्री आनंद सिंह दांगी को जींद, पूर्व विधायक सुभाष गांगोली को कैथल तथा पूर्व विधायक चौधरी लहरी सिंह को करनाल का प्रभारी बनाया है। पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल को गुरुग्राम का प्रभारी तथा ठाकुर राजा राम को सह-प्रभारी लगाया है।

अंबाला सिटी विधायक चौ़ निर्मल सिंह को कुरुक्षेत्र, उकलाना विधायक नरेश सेलवाल महेंद्रगढ़, पृथला विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया नूंह, फरीदाबाद से प्रत्याशी रहे लखन सिंगला पलवल, पूर्व विधायक मेवा सिंह को पंचूकला, पूर्व विधायक भीमसेन मेहता को पानीपत, पूर्व विधायक नीरज शर्मा को रेवाड़ी तथा पूर्व मुख्य संसदीय सचिव जयवीर सिंह वाल्मीकि को रोहतक का इंचार्ज बनाया है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग को सिरसा, पूर्व विधायक संत कुमार को सोनीपत तथा थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा को यमुनानगर जिले का प्रभारी लगाया है।

इंचार्ज के साथ को-इंचार्ज

गुरुग्राम जिले का इंचार्ज पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल को बनाया गया है। उनके साथ गुरुग्राम में को-इंचार्ज भी तैनात किया गया है। ठाकुर राजा राम को गुरुग्राम जिले का को-इंचार्ज बनाया गया है। बता दें कि हरियाणा में 2 चरणों में निकाय चुनाव होने हैं। राज्य चुनाव आयोग 4 फरवरी से पहले ये चुनाव पूरे करवाना चाहता है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी काफी पहले ही निकाय चुनाव की तैयारियों में जुट चुकी है। वहीं, कांग्रेस की ओर से सभी 22 जिलों में इंचार्जों की नियुक्ति को भी इसी का एक कदम माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments