पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और तेज करते हुए राज्यभर में व्यापक छापेमारी और विशेष अभियान चलाए हैं। पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, हालिया कार्रवाई के दौरान 292 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन अभियानों में 14 घोषित अपराधियों को भी पकड़ने में सफलता मिली है। इसके अलावा पुलिस ने छह अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि यह अभियान संगठित अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार चलाया जा रहा है।
अब तक 29 हजार से ज्यादा गिरफ्तारियां
पंजाब पुलिस के अनुसार, राज्य में शुरू किए गए इस विशेष अभियान के तहत अब तक कुल 29,111 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों और नेटवर्क पर कार्रवाई कर रही है जो कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बने हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गैंगस्टर नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए आधुनिक तकनीक, खुफिया इनपुट और विशेष टीमों की मदद से अभियान चलाए जा रहे हैं।
लोगों से मांगी जा रही गोपनीय सूचना
पंजाब पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। किसी भी गैंगस्टर गतिविधि या संदिग्ध जानकारी को गुप्त रूप से साझा करने के लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 जारी किया गया है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Read More
21 जून को फिर होगी NEET की परीक्षा, पेपर लीक के बाद NTA का बड़ा फैसला, जल्द जारी होंगे एडमिट कार्ड

