HomeBreaking Newsकानपुर में छठी मंजिल से गिरकर कारोबारी के इकलौते बेटे की मौत,...

कानपुर में छठी मंजिल से गिरकर कारोबारी के इकलौते बेटे की मौत, महिला मित्र से फ्लैट पर गया था मिलने

कानपुर के बिठूर में शनिवार को 22 वर्षीय युवक की अपार्टमेंट की छठी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। उसका शव रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट के नीचे मिला। मृतक की पहचान आरके नगर निवासी संभव खंडेलवाल के रूप में हुई है। वह शहर के जाने-माने कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल का इकलौता बेटा था। बताया जा रहा है कि संभव अपनी महिला मित्र से मिलने उसके फ्लैट पर गया था। घटना को लेकर दोनों परिवारों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। लड़की के परिजन इसे हादसा बता रहे हैं, जबकि संभव के परिवार को उसके साथ मारपीट कर नीचे गिराए जाने का संदेह है।

महिला मित्र से मिलने अपार्टमेंट पहुंचा था संभव

संभव के पिता विशाल खंडेलवाल का गुरू पेपर हाउस के नाम से कागज का कारोबार है। परिवार में पत्नी प्रीती, बेटा संभव और बेटी काव्या हैं। काव्या की शादी हो चुकी है। संभव भी पिता के कारोबार में हाथ बंटाता था। परिवार के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे संभव कार लेकर घर से निकला था। उसने किसी दोस्त से मिलने जाने की बात कही थी। करीब डेढ़ घंटे बाद परिजनों के पास उसके मोबाइल फोन से कॉल आया। उन्हें बताया गया कि संभव रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट की छठी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसे पारस अस्पताल ले जाया गया है। परिजन अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने संभव को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार ने घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।

लड़की के मामा बोले- गेंद लेने के दौरान फिसला पैर

अपार्टमेंट के टावर-2 की छठी मंजिल पर रहने वाला परिवार मेटल कारोबार से जुड़ा है। लड़की के मामा ने बताया कि संभव और उनकी भांजी के बीच दोस्ती थी। वह पहले भी उससे मिलने फ्लैट पर आता था। दिवाली की छुट्टियों में लड़की मुंबई से कानपुर आई हुई थी। मामा के अनुसार, घटना के समय फ्लैट में वह, उनकी भांजी और भांजा मौजूद थे। परिवार के लोग कॉफी पीने जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान संभव और छोटा बच्चा गेंद से खेलने लगे। खेलते हुए गेंद बालकनी की तरफ चली गई। उसे उठाने के लिए संभव आगे बढ़ा। मामा का दावा है कि दिवाली पर जलाए गए दीयों का तेल बालकनी के पास गिरा हुआ था। संभव का पैर उस पर पड़ गया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। इसके बाद घर के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

परिजनों ने जताई मारपीट की आशंका

संभव के परिवार ने लड़की के मामा के दावे पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि संभव के दाहिने पैर पर रगड़ के निशान थे। इसके अलावा कमर, पीठ और हाथ पर भी खरोंच दिखाई दीं। परिवार को आशंका है कि छठी मंजिल से गिरने से पहले उसके साथ मारपीट की गई थी। परिजनों ने मोबाइल फोन से संभव और लड़की के बीच हुई बातचीत का डेटा डिलीट होने की बात भी कही है। उनके मुताबिक, दोपहर करीब दो बजे लड़की की ओर से संभव को आखिरी मैसेज भेजा गया था, जिसमें ‘Don’t Come’ लिखा था। परिवार ने इन परिस्थितियों के आधार पर युवक को धक्का देकर नीचे गिराने का संदेह जताया है। घटना की सूचना पर एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह पुलिस और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने फ्लैट और घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल दोनों परिवारों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Read More

पंजाब के तरनतारन में तीर्थ यात्रा की बसों की जोरदार भिड़ंत, 4 की मौत और कई घायल

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments