पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को स्वास्थ्य में सुधार के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। परिवार के सूत्रों के मुताबिक, अब उनकी हालत बेहतर है। बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक बेहोश होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया गया कि वह कुछ मिनट तक अचेत रहे थे। इसके बाद उनकी तबीयत को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए एम्स ले जाया गया।
कार्डियो-न्यूरो सेंटर में चल रहा था इलाज
धनखड़ को एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया था। यहां कार्डियोलॉजी विभाग की देखरेख में उनकी जांच और इलाज किया गया। बुधवार को मॉर्निंग वॉक के दौरान बेहोश होने के बाद सुरक्षाकर्मी उन्हें पहले घर लेकर पहुंचे थे। घर पर ILBS की टीम और एम्स के डॉक्टर संदीप सेठ ने उनके मेडिकल टेस्ट किए। इसके बाद उनकी स्थिति को गंभीर और चिंताजनक देखते हुए एंबुलेंस से एम्स पहुंचाया गया, जहां उन्हें भर्ती कर लिया गया था। अब परिवार के सूत्रों ने उनके अस्पताल से छुट्टी मिलने की जानकारी दी है।
पहले भी कई बार बिगड़ चुकी है तबीयत
जगदीप धनखड़ की पिछले दो वर्षों में कई बार तबीयत बिगड़ चुकी है। इस बार बेहोशी की अवधि पहले के मुकाबले सबसे लंबी बताई गई। इसी साल मार्च में सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें एम्स की क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती कराया गया था। वहां उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी। जून 2025 में नैनीताल के कुमाऊं विश्वविद्यालय में स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान भी वह बेहोश हो गए थे। वहीं, जनवरी में घर पर दो बार उनकी तबीयत बिगड़ने और बेहोश होने की खबर सामने आई थी। धनखड़ अगस्त 2022 से 21 जुलाई 2025 तक देश के 14वें उपराष्ट्रपति रहे। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए 21 जुलाई 2025 को पद से इस्तीफा दे दिया था।
अशोक गहलोत ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
शुक्रवार को राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एम्स पहुंचकर जगदीप धनखड़ से मुलाकात की थी। उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुलाकात के बाद गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर धनखड़ के साथ एक तस्वीर साझा की। इसमें धनखड़ अस्पताल के बिस्तर पर बैठे हुए गहलोत से बातचीत करते नजर आए। तस्वीर के साथ गहलोत ने लिखा कि उन्होंने एम्स में भर्ती पूर्व उपराष्ट्रपति से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने यह भी कहा कि बीते कुछ समय में धनखड़ दो-तीन बार अचानक बीमार हुए हैं, जो चिंता की बात है। गहलोत ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और लंबी उम्र की कामना की।
Read More


[…] […]
[…] […]