HomeBreaking Newsचावड़ी बाजार मकान हादसा, मलबे से एक और शव बरामद, मरने वालों...

चावड़ी बाजार मकान हादसा, मलबे से एक और शव बरामद, मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 7

पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार स्थित गली शीश महल में तीन मंजिला निर्माणाधीन मकान ढहने के हादसे में रविवार को एक और श्रमिक का शव बरामद किया गया। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए लगातार तीसरे दिन राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को बरामद शव की पहचान 66 वर्षीय लुच्चुमन मुखिया के रूप में हुई है। वह बिहार के दरभंगा जिले के गांव जकौली, पोस्ट बाथो के निवासी थे। इससे पहले शनिवार को मलबे से दो श्रमिकों के शव निकाले गए थे। इनमें एक की पहचान बिहार के खगड़िया जिले के हनुमान नगर गांव निवासी पंकज शर्मा के रूप में हुई थी, जबकि दूसरे श्रमिक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को एलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया था।

भूतल पर तीन से चार श्रमिकों के दबे होने की आशंका

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मकान के भूतल पर अभी भी तीन से चार श्रमिकों के शव दबे होने की आशंका है। ऐसे में मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। एनडीआरएफ और नगर निगम की टीमें मलबा हटाने और उसमें दबे लोगों की तलाश में जुटी हैं। घटनास्थल तक पहुंचने वाली गलियां बेहद संकरी हैं। इस वजह से राहत एवं बचाव कार्य में काफी परेशानी हो रही है। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाना संभव नहीं हो पा रहा है। ऐसे में छोटे उपकरणों और ट्रालियों के जरिए मलबे को बाहर निकाला जा रहा है। इस प्रक्रिया में अधिक समय लग रहा है।

गुरुवार सुबह 9:48 बजे ढहा था निर्माणाधीन मकान

गली शीश महल में गुरुवार सुबह करीब 9:48 बजे तीन मंजिला निर्माणाधीन मकान अचानक भरभराकर गिर गया था। हादसे के समय मकान में कई श्रमिक निर्माण कार्य कर रहे थे। कुछ ही पलों में पूरी इमारत मलबे में तब्दील हो गई और श्रमिक उसके नीचे दब गए। सूचना मिलने पर पुलिस, दमकल, एनडीआरएफ और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं। पहले दिन मलबे से दो श्रमिकों के शव निकाले गए थे, जबकि पांच अन्य घायल मिले थे। इनमें से दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें एलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

हादसे के बाद हौज काजी थाना पुलिस ने फरार चल रहे तीन ठेकेदारों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उन्हें फरीदाबाद जिले की धौज तहसील के सिरोही गांव से पकड़ा था। आरोपियों की पहचान अजमेरी गेट निवासी सिराज, ताजुद्दीन और फुरकान के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Read More

सोनीपत की प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग, चार मंजिला इमारत जलकर खाक

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments