Anti-Drug Activist Bikramjit Singh Murdered: पंजाब के गुरदासपुर जिले से नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों पर हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। श्रीहरगोबिंदपुर के गांव माड़ी पन्नवां में नशा बेचने का विरोध करने पर हथियारों से लैस हमलावरों ने तीन लोगों पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में 40 वर्षीय बिक्रमजीत सिंह की मौत हो गई, जबकि निशान सिंह और गुरमुख सिंह गंभीर रूप से घायल हैं।
15 से ज्यादा हमलावरों पर आरोप
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को गांव में कुछ लोगों ने नशा बेचने का विरोध किया था। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि 15 से अधिक हमलावरों ने बिक्रमजीत सिंह और उनके साथियों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
हमले के बाद तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान बिक्रमजीत सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं निशान सिंह और गुरमुख सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद माड़ी पन्नवां गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
गलियों में नशा बेचने को लेकर था विरोध
बताया जा रहा है कि गांव की गलियों में नशा बेचने वाले लोगों के खड़े रहने से स्थानीय निवासियों को परेशानी होती थी। आरोप है कि उनके वहां मौजूद रहने के कारण महिलाओं का गलियों से गुजरना भी मुश्किल हो गया था। इसी वजह से कुछ लोगों ने नशे के कारोबार का विरोध किया था, जिसके बाद विवाद हिंसक रूप ले लिया।
नशे के खिलाफ लड़ रहे थे बिक्रमजीत
बिक्रमजीत सिंह नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले एंटी ड्रग एक्टिविस्ट के तौर पर काम कर रहे थे। पंजाब में नशाखोरी लंबे समय से गंभीर समस्या बनी हुई है और इससे निपटने के लिए अलग-अलग स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इस बीच नशे के कारोबार का विरोध करने वाले लोगों को कथित तौर पर निशाना बनाए जाने की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं।
झोटा हत्याकांड के बाद फिर उठे सुरक्षा पर सवाल
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब मानसा में परमिंदर सिंह झोटा की हत्या का मामला अभी पूरी तरह शांत नहीं हुआ है। इसके बाद पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल आरोपितों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा है कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
Read More:
पंजाब में 154 और आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए – CM मान

