HomeBreaking Newsऑस्कर 2027 में मराठी फिल्म 'गोंधळ' की ऑफिशियल एंट्री, 33 फिल्मों को...

ऑस्कर 2027 में मराठी फिल्म ‘गोंधळ’ की ऑफिशियल एंट्री, 33 फिल्मों को पछाड़कर बनाई जगह

फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने ऑस्कर 2027 के लिए भारत की तरफ से आधिकारिक प्रविष्टि का ऐलान कर दिया है। संतोष डावखर के निर्देशन में बनी मराठी फिल्म ‘गोंधळ’ को ऑस्कर पुरस्कारों में ‘बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म’ कैटेगरी के लिए चुना गया है। इस मराठी सस्पेंस थ्रिलर ने बॉलीवुड की बड़ी और बहुचर्चित फिल्मों जैसे ‘धुरंधर’ और ‘हनुमान अंश’ को पीछे छोड़ते हुए यह गौरव हासिल किया है।

33 दिग्गज फिल्मों के बीच मारी बाजी

ऑस्कर की रेस में शामिल होने के लिए जूरी के समक्ष कुल 33 फिल्में प्रस्तुत की गई थीं। इनमें 14 हिंदी फिल्मों के अलावा तमिल, तेलुगु, गुजराती और मलयालम भाषा की फिल्में शामिल थीं। FFI द्वारा गठित 13 सदस्यीय विशेष जूरी पैनल ने सर्वसम्मति से ‘गोंधळ’ के पक्ष में निर्णय लिया। इस जूरी में पी शेषाद्री, विजय पाटकर, हितू कनोडिया, विवेक वासवानी, तनिष्ठा चटर्जी, बिजॉन दासगुप्ता, साबू जोसेफ और संदीप पराशर जैसे कई जाने-माने सिनेमा दिग्गज शामिल थे।

लोक परंपरा और सस्पेंस का अनोखा संगम

नवंबर 2025 में रिलीज हुई फिल्म ‘गोंधळ’ की कहानी पूरी तरह से केवल एक ही रात के घटनाक्रम पर बुनी गई है। यह फिल्म महाराष्ट्र की प्राचीन और समृद्ध लोक परंपरा ‘गोंधळ’ पर आधारित एक सस्पेंस थ्रिलर ड्रामा है। फिल्म का संगीत दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा ने तैयार किया है, जबकि इसमें इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, किशोर कदम और सुरेश विश्वकर्मा जैसे बेहतरीन कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।

अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहले ही बटोर चुकी है तारीफें

व्यावसायिक रिलीज से पहले ही ‘गोंधळ’ की स्क्रीनिंग कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों (फिल्म फेस्टिवल्स) में की गई थी। समीक्षकों और सिनेमा प्रेमियों ने इसके निर्देशन, पटकथा और अभिनय की जमकर सराहना की थी। उल्लेखनीय है कि ऑस्कर 2026 के लिए भारत की ओर से नीरज घायवान द्वारा निर्देशित कोविड-19 पर आधारित फिल्म ‘होमबाउंड’ को भेजा गया था, जिसमें ईशान खट्टर और विशाल जेठवा मुख्य भूमिकाओं में थे।

 

READ MORE: Gen Z से बोले मोहन भागवत, ‘युवा धर्म की बात नहीं करते’, जानें आगे क्या कहा

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments