प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर सेमीकॉन इंडिया 2026 का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए वीडियो में प्रियंका नाम की एक महिला से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपने जन्मदिन को लेकर कहा, “वैसे जन्मदिन तो मनाता नहीं हूं…” इसके बाद उन्होंने कहा कि आज सिर्फ उनका नहीं, बल्कि प्रियंका का भी जन्मदिन है।
प्रियंका से बोले- आज दो जन्मदिन हैं
वीडियो में पीएम मोदी ने कहा कि आज दो जन्मदिन हैं। एक विश्वकर्मा जी का है और दूसरा प्रियंका जी का। उन्होंने वहां काम कर रहे लोगों के काम को विश्वकर्मा से जोड़ते हुए कहा कि वे जिस तरह का काम कर रहे हैं, वह विश्वकर्मा वाला ही आधुनिक काम है। प्रधानमंत्री ने प्रियंका को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने यह वीडियो ऐसे समय शेयर किया है, जब 17 सितंबर को उनका 76वां जन्मदिन मनाया जा रहा है। उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर देश के अलग-अलग हिस्सों में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
सेमीकॉन इंडिया 2026 में 52 देशों की कंपनियां
सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। तीन दिन का यह कार्यक्रम 17 से 19 सितंबर तक चलेगा। इसमें 52 देशों की 300 से अधिक कंपनियों के शामिल होने की बात कही गई है। कार्यक्रम में भारतीय कंपनियों के साथ निवेशक, रिसर्चर और छात्र भी हिस्सा ले रहे हैं। इस आयोजन का उद्देश्य भारत में सेमीकंडक्टर क्षेत्र से जुड़े सहयोग, निवेश और प्रतिभा विकास को बढ़ावा देना है। उद्घाटन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया का भारत पर भरोसा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कई रेटिंग एजेंसियों की ओर से भारत को अच्छी रेटिंग मिलने का भी जिक्र किया और कहा कि इतने कम समय में किसी देश के लिए इस तरह की प्रगति हासिल करना आसान नहीं होता।
पुतिन ने भी भेजा PM मोदी को जन्मदिन संदेश
पीएम मोदी के जन्मदिन पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी उन्हें शुभकामनाएं भेजी हैं। भारत में रूसी दूतावास ने पुतिन का संदेश साझा किया। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक समझ और दूरदर्शिता की प्रशंसा की। पुतिन ने कहा कि पीएम मोदी को देशवासियों का गहरा सम्मान प्राप्त है और वैश्विक मंच पर उनका बड़ा रुतबा है। उन्होंने भारत-रूस संबंधों को मजबूत करने में मोदी के योगदान की भी सराहना की।
Read More
13 साल की उम्र में पहला मर्डर, फिर मारे 80 लोग! महिला के भेष में भाग रहा खूंखार कातिल गिरफ्तार

