100th Birth Anniversary Bengali Cinema Legend Uttam Kumar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में महान अभिनेता और बंगाली सिनेमा के महानायक उत्तम कुमार को याद किया। उन्होंने उत्तम कुमार की जन्म-शताब्दी का जिक्र करते हुए उनके शानदार अभिनय, सहज व्यक्तित्व और संघर्ष से भरे शुरुआती दिनों को याद किया। पीएम मोदी ने कहा कि उत्तम कुमार की लोकप्रियता सिर्फ उनकी फिल्मों तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह लोगों के दिलों में भी खास जगह रखते थे।
3 सितंबर को मनाई जाएगी 100वीं जयंती
उत्तम कुमार की 100वीं जयंती 3 सितंबर 2026 को मनाई जाएगी। इस मौके का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘कुछ ही दिनों में, 3 सितंबर को, हम महानायक उत्तम कुमार की जन्म-शताब्दी मनाएंगे। वह एक वर्सेटाइल एक्टर थे, जो अपने अभिनय से लोगों के दिलों में रच-बस गए। फिल्म लवर्स का मानना है कि सत्यजीत रे ने फिल्म ‘नायक-द हीरो’ की पूरी स्क्रिप्ट महानायक उत्तम कुमार को ध्यान में रखकर लिखी थी। सत्यजीत रे ने कहा था कि उनमें गरिमा के साथ-साथ अद्भुत भावनात्मक गहराई भी थी। किरदार को जीवंत बनाने के लिए वह बहुत मेहनत करते थे।’
संघर्ष के बाद हासिल की बड़ी कामयाबी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तम कुमार के जीवन से जुड़े संघर्ष का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अभिनेता की शुरुआती फिल्में ज्यादा सफल नहीं रहीं, लेकिन उन्होंने अपने काम पर ध्यान बनाए रखा। लगातार मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने सिनेमा में ऐसी ऊंचाई हासिल की कि उन्हें बंगाली फिल्म इंडस्ट्री का महानायक कहा जाने लगा।
समाजसेवा के लिए भी जाने जाते थे उत्तम कुमार
पीएम मोदी ने अभिनेता के व्यक्तित्व के दूसरे पहलुओं पर भी बात की। उन्होंने कहा, ‘उत्तम कुमार अपनी सहजता के साथ ही समाजसेवा के लिए भी जाने जाते थे। उनके जीवन से कभी भी हार न मानने की एक और बड़ी सीख भी मिलती है। उनकी शुरुआती फिल्में ज्यादा नहीं चलीं, लेकिन उन्होंने अपने काम पर फोकस बनाए रखा। इसी का परिणाम था कि उन्होंने इतनी ऊंचाई हासिल की।’
कोलकाता रोड शो की याद भी की शेयर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तम कुमार से जुड़ी अपनी एक निजी याद भी शेयर की। उन्होंने कहा, ‘मुझे ध्यान है कि जब मैं कोलकाता में रोड शो कर रहा था, तो मैं उत्तम कुमार के घर के सामने से भी गुजरा था। वहां मुझे एक व्यक्ति ने उनकी एक तस्वीर भी भेंट की थी। मैं एक बार फिर महानायक उत्तम कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। वे हमेशा हम सब के दिलों पर राज करते रहेंगे।’
1926 में हुआ था उत्तम कुमार का जन्म
उत्तम कुमार का जन्म 3 सितंबर 1926 को कलकत्ता में हुआ था। उनका असली नाम अरुण कुमार चट्टोपाध्याय था। उन्होंने फिल्मों में अपना करियर 1948 में आई फिल्म ‘दृष्टिदान’ से शुरू किया था। हालांकि शुरुआती दौर में उनकी कई फिल्में खास सफलता हासिल नहीं कर पाईं और उन्हें लगातार संघर्ष करना पड़ा।
सुचित्रा सेन के साथ जोड़ी रही सुपरहिट
बंगाली सिनेमा में उत्तम कुमार और अभिनेत्री सुचित्रा सेन की जोड़ी बेहद लोकप्रिय रही। दोनों ने साथ में कई यादगार फिल्मों में काम किया और उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया। यही वजह है कि उत्तम कुमार आज भी बंगाली सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित और लोकप्रिय कलाकारों में गिने जाते हैं।
Read More:

