जिस चॉकलेट और टॉफी को बच्चे बड़े शौक से खाते हैं, वही अगर एक्सपायर हो जाए तो सेहत के लिए खतरा बन सकती है। कानपुर के पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में एक्सपायर्ड चॉकलेट और टॉफियों को लेकर ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। डंपिंग साइट के पास बड़ी मात्रा में फेंकी गई चॉकलेट और टॉफियां देखकर स्थानीय लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई। लोग इन्हें हाथों, थैलों, बोरियों और डिब्बों में भरकर ले जाते दिखाई दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री के सुरक्षित निस्तारण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
डंपिंग साइट पर पड़ी थीं बड़ी मात्रा में चॉकलेट
मामला पनकी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक डंपिंग साइट का बताया जा रहा है। यहां बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड चॉकलेट और टॉफियां खुले में फेंकी गई थीं। जैसे ही इसकी जानकारी आसपास के लोगों को हुई, मौके पर भीड़ जुटने लगी। वायरल वीडियो में कई लोग जमीन पर पड़ी चॉकलेट और टॉफियां उठाते नजर आ रहे हैं। कुछ लोग इन्हें अपने हाथों में भर रहे थे, जबकि कई लोग बैग और बोरियों में बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जमा करते दिखाई दिए।
यूपी : कानपुर में किसी ने एक्सपायरी चॉकलेट, टॉफी, बिस्किट के डिब्बे कूड़े के ढेर पर फेंक दिए। लोग उन्हें भी उठाकर ले गए। pic.twitter.com/Hd8vfZVixg
— Sachin Gupta (@Sachingupta) August 25, 2026
घर ले जाने से बढ़ा स्वास्थ्य का खतरा
मामले की सबसे चिंताजनक बात यह है कि लोग एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री को अपने साथ घर भी ले गए। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि लोगों ने इन्हें खाने के लिए उठाया या किसी अन्य इस्तेमाल के लिए। विशेषज्ञों के मुताबिक, एक्सपायरी के बाद खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा की गारंटी नहीं रहती। ऐसे उत्पादों का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। खासकर बच्चों के इन्हें खाने की स्थिति में स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का खतरा बढ़ सकता है।
Read More
चीनी के बढ़ते दामों पर सरकार का सख्त एक्शन, अब 60 दिन में बेचनी होगी इंपोर्टेड चीनी

