फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर रणवीर सिंह(Ranveer Singh) और फरहान अख्तर के बीच विवाद अब और गंभीर होता नजर आ रहा है। मामले में रणवीर सिंह की टीम ने साफ कर दिया है कि इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IMPPA) की ओर से किसी तरह की दखलअंदाजी उन्हें स्वीकार नहीं है। टीम के मुताबिक, अगर IMPPA इस विवाद पर कोई फैसला लेने की कोशिश करता है तो रणवीर सिंह कानूनी रास्ता अपनाएंगे।
IMPPA की बैठक में रखा पक्ष
रिपोर्ट्स के अनुसार, 18 अगस्त को IMPPA की बैठक में रणवीर की टीम ने अपना पक्ष रखा। इससे पहले 14 अगस्त को भी इस मामले पर बैठक प्रस्तावित थी लेकिन रणवीर की कानूनी टीम की ओर से लेटर भेजे जाने के बाद इसे टाल दिया गया।
लेटर में दावा किया गया कि रणवीर और फरहान अख्तर की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच फिल्म को लेकर कोई आखिरी आधिकारिक समझौता नहीं हुआ था। दोनों पक्षों के बीच केवल एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MOU) था। रणवीर की टीम का तर्क है कि इस तरह के विवाद पर फैसला IMPPA के बजाय अदालत में होना चाहिए।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
फरहान अख्तर ने ‘डॉन 3’ में रणवीर सिंह को मेन हीरो के रोल में लेकर आने के लिए फिल्म की अनाउंसमेंट की थी। हालांकि, बाद में रणवीर ने फिल्म से अलग होने का फैसला किया। फरहान की ओर से दावा किया गया कि एक्टर ने शूटिंग शुरू होने से करीब तीन सप्ताह पहले ही फिल्म छोड़ दी जिससे प्रोडक्शन को गहरा आर्थिक नुकसान हुआ।
इसी नुकसान को लेकर फरहान की ओर से रणवीर से मुआवजे की मांग की गई है लेकिन अभिनेता ने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। अब दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर कायम नजर आ रहे हैं और मामला कानूनी मोड़ लेता दिखाई दे रहा है।