मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के कोड़ा गांव में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में दर्ज FIR के आधार पर शालिग्राम गर्ग और अंकित मिश्रा को हिरासत में लिया गया है। आपको बता दें कि शालिग्राम गर्ग बागेश्वर धाम से जुड़े कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री(Dhirendra Krishna Shastri) के भाई हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में कुल चार लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें तीन आरोपी नामजद हैं जबकि एक व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो पाई है। एडिशनल एसपी आदित्य पटले ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
जमीन विवाद के बाद हुई फायरिंग
जांच में पुलिस को पता चला है कि घटना की वजह जमीन से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है। इसी विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ा और गोली चलने की घटना सामने आई। इस घटना में एक युवक घायल हो गया था जिसे इलाज के लिए पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया।
पुलिस ने बरामद किया हथियार
जांच के दौरान पुलिस ने कथित तौर पर घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी बरामद किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी तथ्यों के सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बनाई दूरी
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि शालिग्राम गर्ग से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कानून के अनुसार कार्रवाई की बात कही और लोगों से अपील की कि हर मामले में उनका नाम न जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और दोषी पाए जाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।