अयोध्या के श्री राम मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (Ram Mandir Trust CEO) पद के लिए देशभर से भरपूर रुचि देखने को मिल रही है। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के कुछ ही समय बाद इस पद के लिए 1,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें बड़ी संख्या सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारियों और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों की बताई जा रही है। आपको बता दें कि आवेदन की अंतिम तिथि 18 जुलाई निर्धारित है इसलिए आने वाले दिनों में आवेदनों की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
उम्मीद से कहीं अधिक आवेदन मिलने के बाद चयन प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने की तैयारी की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, प्राप्त आवेदनों की प्रारंभिक जांच, पात्रता का सत्यापन और दस्तावेजों की समीक्षा के लिए एक सचिव की नियुक्ति की जाएगी। इसके बाद 19 जुलाई को सर्च कमेटी की बैठक में आगे की चयन प्रक्रिया पर फैसला लिया जाएगा। शुरुआती छंटनी में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर ऑनलाइन इंटरव्यू का विकल्प भी अपनाया जा सकता है।
अनुभवी समिति के हाथों में अंतिम फैसला
राम मंदिर ट्रस्ट ने नए CEO के चयन के लिए तीन सदस्यीय सर्च कमेटी का गठन किया है। समिति में सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) विष्णुकांत चतुर्वेदी और वरिष्ठ वैज्ञानिक सुरेश हावड़े शामिल हैं। माना जा रहा है कि 22 जुलाई को प्रस्तावित ट्रस्ट बैठक में समिति अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत कर सकती है।
क्या हैं उम्मीद्वारों की पात्रता शर्तें ?
इस पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की आयु 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही उसके पास कम से कम 20 वर्षों का प्रशासनिक अनुभव होना आवश्यक है। चयनित उम्मीदवार को अयोध्या में रहकर कार्य करने के लिए तैयार होना होगा। इसके अलावा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं का अच्छा ज्ञान तथा धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति आस्था भी आवश्यक पात्रताओं में शामिल है।