UP Mango Festival: राजधानी लखनऊ के गोमती नगर में मौजूद इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुक्रवार से तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश आम महोत्सव की शुरुआत हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। 3 से 5 जुलाई तक चलने वाले इस आयोजन में प्रदेश के आम उत्पादकों, बागवानों और निर्यातकों को एक साथ आने का मौका मिलेगा। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश के आम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाना और किसानों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
800 से ज्यादा किस्में होंगी प्रदर्शित
इस बार महोत्सव में 800 से ज्यादा किस्मों के आम प्रदर्शित किए जाएंगे। इनमें दशहरी, लंगड़ा, चौसा, आम्रपाली, रटौल और लखनऊ सफेदा जैसी फेमस किस्मों के साथ कई दुर्लभ प्रजातियां भी शामिल रहेंगी। इसके अलावा आम से तैयार अचार, जूस, पल्प और दूसरे उत्पाद भी प्रदर्शनी का हिस्सा होंगे।
खरीदारों से सीधे जुड़ेंगे बागवान
उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के अनुसार, 4 जुलाई को जन भवन में क्रेता-विक्रेता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें देश और विदेश से आए खरीदार सीधे आम उत्पादकों और बागवानों से मुलाकात करेंगे। इस पहल से किसानों को अपने उत्पाद के लिए नए बाजार मिलने की उम्मीद है और निर्यात के अवसर भी बढ़ेंगे।
नई तकनीक की मिलेगी जानकारी
महोत्सव के दौरान कृषि विशेषज्ञ और उद्यान विभाग के अधिकारी किसानों को आधुनिक खेती, आम की तुड़ाई के बाद देखभाल, पैकिंग, ब्रांडिंग, प्रोसेसिंग और निर्यात से जुड़ी जानकारी देंगे। साथ ही आम की अलग-अलग तरह की किस्मों और आम से बनी चीजों का कम्पीटशन भी होगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले बागवानों को सम्मानित भी किया जाएगा।
निर्यात में बना रिकॉर्ड
उत्तर प्रदेश देश में सबसे ज्यादा आम उत्पादन करने वाला राज्य है। उद्यान मंत्री के मुताबिक, साल 2025-26 में प्रदेश से 3,563 मीट्रिक टन आम का करीब 12.67 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ, जो अब तक का रिकॉर्ड है। उनका कहना है कि ऐसे आयोजन प्रदेश के आम को देश के साथ-साथ विदेशों में भी नई पहचान दिलाने और किसानों की आय बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
Read More:

