Jaish-e-Mohammed Commander Maulana Salman Azhar Death: पाकिस्तान में एक बार फिर आतंकी नेटवर्क से जुड़ी संदिग्ध मौत ने हलचल बढ़ा दी है। जैश-ए-मोहम्मद के टॉप कमांडर मौलाना सलमान अजहर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उसकी मौत एक अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।
बहावलपुर में हुआ आतंकवादी ढेर
बताया जा रहा है कि यह घटना बहावलपुर में हुई, जहां किसी अज्ञात कार ने आतंकवादी सलमान अजहर को टक्कर मार दी। हादसे के बाद उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसे बहावलपुर के मर्कज सुभानअल्लाह में दफनाया जाएगा।
आतंकी संगठन से था जुड़ाव
मौलाना सलमान अजहर, कुख्यात आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा हुआ था और संगठन के प्रमुख कमांडरों में गिना जाता था। यह संगठन मसूद अजहर के नेतृत्व में सक्रिय है और कई आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है।
पहले भी मारा गया एक आतंकवादी
सलमान अजहर की मौत ऐसे समय पर हुई है, जब दो दिन पहले ही 27 अप्रैल को लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर शेख युसूफ अफरीदी की हत्या कर दी गई थी। वह लश्कर-ए-तैयबा का खैबर पख्तूनख्वाह में ब्रांच हेड था। अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
टारगेट किलिंग का एंगल
अफरीदी की हत्या को पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों ने ‘टारगेट किलिंग’ बताया था। हमलावर घटना के बाद पहाड़ी इलाके में फरार हो गए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं से ऐसा लग रहा है जैसे पाकिस्तान में कोई हाथ धो कर इन आतंकवादियों का सफाया करने पर लगा हुआ है। फिलहाल सलमान अजहर की मौत के असली कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। यह हादसा था या किसी साजिश का हिस्सा, ये पता नहीं चल पाया है।
भारत के खिलाफ कई आतंकी गतिविधियों में था शामिल
वह भारत के खिलाफ कई आतंकी गतिविधियों और हमलों की साजिशों से जुड़ा माना जाता था। कुछ सुरक्षा विशेषज्ञों को उसकी मौत को लेकर परिस्थितियां संदिग्ध लग रही हैं। जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख रणनीतिकारों में गिने जाने वाले इस शख्स पर भारत में कई हमलों की योजना बनाने का आरोप था, जिनमें 2016 का नगरोटा हमला भी शामिल बताया जाता है। इसके अलावा, वह पाकिस्तान में भारत विरोधी माहौल को भड़काने के लिए उकसाऊ भाषण देने के लिए भी जाना जाता था।
Read More:
UP के सुल्तानपुर में तूफान का आतंक, 2 बच्चों समेत 7 की मौत, पेड़-दीवार गिरने से मची तबाही

