Rajasthan Bus Accident: राजस्थान के बालोतरा जिले के बायतु क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक ट्रक और स्कूल बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के समय बस में करीब तीन दर्जन बच्चे सवार थे, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
हादसे में 10 स्कूली बच्चे घायल
इस हादसे में 10 स्कूली बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 5 बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
कैसे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निजी स्कूल बस बच्चों को उनके घरों से लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान हाईवे पर कूलर से भरे एक ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे कई बच्चे घायल हो गए और चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी तुरंत मदद करते हुए बच्चों को बस से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
ड्राइवर मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। घायलों को बायतु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल 5 बच्चों को बालोतरा रेफर किया गया है। घायल बच्चों में एक के सिर में गंभीर चोट बताई जा रही है, जबकि कई अन्य बच्चों के हाथ और दांतों में चोट आई है। फिलहाल सभी का इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई
घटना की जानकारी मिलने के बाद सोनाराम जाट मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
Read More:
Instagram पर सिर्फ 500 फॉलोअर्स से भी शुरू हो सकती है अच्छी कमाई! जानें क्या है नया रास्ता…

