IPL 2026 के 31वें मुकाबले(SRH vs DC) में सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने घरेलू मैदान राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 47 रन से हराया। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय उनके लिए भारी साबित हुआ। पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की टीम ने 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 242 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसमें सबसे बड़ी भूमिका अभिषेक शर्मा की रही, जिन्होंने नाबाद 135 रनों की विस्फोटक पारी खेली और दिल्ली के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत रही खराब
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पाथुम निसंका जल्दी आउट हो गए और टीम दबाव में आ गई। हालांकि, केएल राहुल और नीतीश राणा ने कुछ देर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन हैदराबाद के गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर दिल्ली को वापसी का मौका नहीं दिया और केएल राहुल 37 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
लगातार विकेट गिरने से बिखरी पारी
केएल राहुल ने 23 गेंदों पर 37 रन बनाए और वह अभिषेक शर्मा के हाथों कैच आउट होकर पवेलियन लौटे। उनके आउट होते ही मैच का रुख पूरी तरह बदल गया। ईशान मलिंगा ने 11वें ओवर की शुरुआती दो गेंदों पर पहले नीतीश राणा और फिर डेविड मिलर को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका दे दिया। लगातार तीन विकेट गिरने के बाद दिल्ली की पारी बिखर गई और टीम दबाव से उबर नहीं सकी।
मध्यक्रम में समीर रिजवी ने कुछ देर तक संघर्ष किया और 28 गेंदों में 41 रन बनाकर उम्मीद जगाने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास समर्थन नहीं मिला। आखिरी ओवरों में इम्पैक्ट खिलाड़ी के तौर पर आए आशुतोष शर्मा भी केवल 14 रन ही जोड़ सके।
SRH के गेंदबाजों ने किया बेहतरीन प्रदर्शन
सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों ने इस मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन किया। ईशान मलिंगा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 32 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। हर्ष दुबे ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में 12 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा दिलशान मधुशंका और शाकिब हुसैन को एक-एक सफलता मिली।
गेंदबाजी के साथ-साथ हैदराबाद की बल्लेबाजी भी शानदार रही। टीम के लिए अभिषेक शर्मा ने शतक जड़ा, जबकि हेनरिक क्लासेन और ट्रेविस हेड ने 37-37 रनों का अहम योगदान दिया। ईशान किशन ने भी 13 गेंदों पर 25 रनों की तेज पारी खेली। दिल्ली की ओर से गेंदबाजी में केवल अक्षर पटेल ही एक विकेट निकाल सके।