भारत की राजधानी दिल्ली से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां नई दिल्ली के मंदिर मार्ग इलाके में एक बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान माधव राम के रूप में हुई है, जो भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से रिटायर्ड कर्मचारी थे। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। मंदिर मार्ग थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर में मिला बुजुर्ग का शव
पुलिस के अनुसार, माधव राम अपने परिवार के साथ पंचकुइयां मार्ग स्थित अंध महाविद्यालय के पास रहते थे। मृतक के परिवार में पत्नी ऊषा, बेटा सिद्धांत और दो बेटियां हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है। रविवार शाम करीब 5:30 बजे पुलिस को वारदात की सूचना मिली। बताया गया कि प्रकाश नाम का एक इलेक्ट्रीशियन उनसे मिलने घर पहुंचा था। उसने कमरे में माधव राम को गंभीर हालत में पड़ा देखा और तुरंत आसपास के लोगों को जानकारी दी। इसके बाद घायल हालत में उन्हें लेडी हार्डिंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। घर और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की गई। पुलिस अब हत्या के कारणों और आरोपी तक पहुंचने के लिए हर एंगल से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में यह जानकारी सामने आई कि वारदात से पहले इलाके में रहने वाला मृतक का एक जानकार उनसे मिलने आया था। उसने मृतक माधव राम से तीन हजार रुपये उधार मांगे थे। फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे व्यक्तिगत रंजिश, लूट या अन्य कारणों की संभावना हो सकती है।
Read More

