दिल्ली(Delhi) के द्वारका जिले में आने वाले मटियाला गांव स्थित फिश मार्केट इलाके में बुधवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की झुग्गियों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। आग की सूचना करीब रात 12 बजे फायर कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद तुरंत 7 दमकल गाड़ियां और लगभग 35 फायरकर्मियों की टीम मौके पर भेजी गई।
आग की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। असिस्टेंट डिवीजन ऑफिसर आर.के. यादव, स्टेशन ऑफिसर मुकुल भारद्वाज और बत्ती लाल मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य की निगरानी करने लगे। हालात को देखते हुए अतिरिक्त दमकल गाड़ियां भी बुलानी पड़ीं। करीब 12:30 बजे आग को ‘मेक-6’ श्रेणी की बड़ी आग घोषित किया गया।
मौके पर पहुंचे डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर
इसके बाद डिवीजन ऑफिसर रविंदर को भी मौके पर भेजा गया, लेकिन आग की लपटें लगातार फैलती रहीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आग को बाद में ‘मीडियम’ कैटेगरी में अपग्रेड किया गया। देर रात डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर ए.के. मलिक और डिवीजन ऑफिसर संदीप दुग्गल भी मौके पर पहुंचे और ऑपरेशन की कमान संभाली।
आग की चपेट में आई 400 झुग्गियां
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस आग की चपेट में करीब 400 झुग्गियां आ गईं और अधिकांश पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। दमकल कर्मियों की लगातार कोशिशों के बाद रात करीब ढाई बजे आग पर काबू पा लिया गया, जिसके बाद कूलिंग ऑपरेशन शुरू किया गया। सुबह करीब 4 बजे तक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई।
फायर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, कुल 24 दमकल गाड़ियों को इस ऑपरेशन में लगाया गया था। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।