HomeBreaking Newsबर्ड फ्लू के खिलाफ भारत का ‘वैक्सीन कवच’ तैयार, 20 नवंबर को...

बर्ड फ्लू के खिलाफ भारत का ‘वैक्सीन कवच’ तैयार, 20 नवंबर को देश को मिलेगी सौगात

भारत ने पशुपालन और पोल्ट्री क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश में पहली बार बर्ड फ्लू(bird flu) के खतरनाक H5N1 वायरस से मुर्गियों को बचाने के लिए स्वदेशी वैक्सीन विकसित की गई है। इस वैक्सीन को भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) ने तैयार किया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, यह मुर्गियों के लिए तैयार की गई निष्क्रिय H5N1 (क्लेड 2.3.2.1A) वैक्सीन है। इसे भारत में ही विकसित किया गया है। यह अपनी तरह की पहली स्वदेशी वैक्सीन है, जो H5N1 एवियन इन्फ्लुएंजा के संबंधित क्लेड के खिलाफ सुरक्षा देने के उद्देश्य से बनाई गई है। इस वैक्सीन के आने से पोल्ट्री क्षेत्र को बर्ड फ्लू जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के प्रयासों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

बर्ड फ्लू से पोल्ट्री कारोबार को कितना नुकसान?

बर्ड फ्लू को वैज्ञानिक भाषा में अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI) कहा जाता है। यह बीमारी मुर्गियों और दूसरे पक्षियों के लिए बेहद खतरनाक होती है। इसके संक्रमण से बड़े पैमाने पर पक्षियों की मौत हो सकती है। बीमारी फैलने पर संक्रमित पक्षियों को नष्ट करना पड़ता है और कई बार व्यापार पर भी प्रतिबंध लगा दिए जाते हैं। भारत में वर्ष 2006 में पहली बार इस बीमारी का पता चला था। इसके बाद H5N1 और H5N8 वायरस के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं।

देश की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ता है असर

केंद्र सरकार के मुताबिक, बर्ड फ्लू का बड़ा प्रकोप देश की GDP वृद्धि को 1.5 प्रतिशत तक प्रभावित कर सकता है। वर्ष 2006 में इसके कारण भारत को करीब 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नुकसान हुआ था। मणिपुर में भी एक प्रकोप से राज्य की GDP के लगभग 0.5 प्रतिशत के बराबर आर्थिक क्षति हुई थी।

इंसानों के लिए भी चिंता का विषय

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों के मुताबिक, 2003 से अब तक भारत समेत 25 देशों में H5N1 संक्रमण के 1,003 मानव मामले सामने आए हैं जिनमें 479 लोगों की मौत हुई है। ऐसे में स्वदेशी वैक्सीन का विकास पोल्ट्री किसानों की आजीविका और पशु स्वास्थ्य सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें : BJP अध्यक्ष नितिन नबीन का पंजाब दौरा, 16 दिवसीय समरसता संकल्प यात्रा…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments