पंजाब(Punjab) के तरनतारन जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जम्मू-कश्मीर-राजस्थान राष्ट्रीय राजमार्ग पर नौशहरा पन्नूआं कस्बे के पास मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा से जुड़ी दो बसें आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 10 यात्रियों की हालत गंभीर बताई गई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, दोनों बसें फिरोजपुर से श्रद्धालुओं को लेकर अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शन के लिए जा रही थीं।
इसी दौरान नौशहरा पन्नूआं के पास एक बाइक सवार डिवाइडर के बीच से सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था। उसे बचाने के लिए आगे चल रही बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। तभी पीछे से आ रही दूसरी तीर्थ यात्रा बस पहली बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोगों को तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस रवाना की गईं। सिविल सर्जन डॉ. संदीप धवन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपातकालीन व्यवस्था लागू कर दी।
सभी एंबुलेंस को घटनास्थल पर भेजने के साथ डॉक्टरों को भी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बुलाया गया। हादसे में जान गंवाने वाले चार यात्रियों के शव अस्पताल में रखवाए गए हैं। वहीं, गंभीर रूप से घायल यात्रियों का इलाज जारी है।
जाम में फंसी एंबुलेंस
घायलों को अस्पताल ले जाने के दौरान ट्रैफिक जाम के कारण तीन एंबुलेंस रास्ते में फंस गईं। इससे राहत कार्य में कुछ परेशानी हुई। टक्कर की गंभीरता के कारण मृतकों को भी काफी चोटें आई थीं।
एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर भेज दी गई थी। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभागों की ओर से राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। हादसे के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।