मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गोकशी के अवैध कारोबार से जुड़े गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत दो महिलाओं समेत 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य वर्ष 2024 से इलाके में गोकशी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तार दोनों महिलाओं पर पुलिस की गतिविधियों की निगरानी करने, घर-घर मांस बेचने और गोवंश को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में भूमिका निभाने का आरोप है।
2024 से सक्रिय था गिरोह
शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी सिटी अमृत जैन ने कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने 14 नवंबर 2026 को गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गिरोह के 13 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह इलाके में लंबे समय से अवैध गतिविधियों में शामिल था। जांच के दौरान इसके सदस्यों के बीच अलग-अलग जिम्मेदारियां बांटे जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस की रेकी से लेकर मांस बेचने तक में महिलाओं की भूमिका
गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम बागोवाली निवासी सीमा पत्नी इनाम और बेबी उर्फ शबाना भी शामिल हैं। पुलिस का आरोप है कि दोनों महिलाएं गिरोह के पुरुष सदस्यों के साथ मिलकर अवैध कारोबार चलाती थीं। पुलिस के मुताबिक, दोनों इलाके में पुलिस की आवाजाही पर नजर रखती थीं। किसी कार्रवाई की आशंका होने पर गिरोह के अन्य सदस्यों को इसकी सूचना दे देती थीं। इसके अलावा वे घर-घर जाकर मांस बेचने और गोवंश को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने का काम भी करती थीं।
गिरफ्तार आरोपियों की संपत्तियों की होगी जांच
पुलिस ने सीमा और बेबी उर्फ शबाना के अलावा सलमान, पाल्लू उर्फ वामीश, कल्लू उर्फ इरशाद, वसीम, दानिश, शाहिद, आलिम, एन्ना उर्फ सोनू उर्फ कल्लीम, नदीम उर्फ शकील, मुल्ला उर्फ महमूद और गुलबहार को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्यों का आपराधिक इतिहास रहा है। अवैध कारोबार के जरिए संपत्तियां जुटाने की जानकारी भी सामने आई है। अब पुलिस इन संपत्तियों का पता लगा रही है, ताकि गैंगस्टर एक्ट के तहत उन्हें कुर्क करने की कार्रवाई की जा सके। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह में किस सदस्य को कौन-सी जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
Read More

