HomeBreaking Newsटर्बुलेंस के चक्रव्यूह में फंसी टीम इंडिया की फ्लाइट! 26 मिनट तक...

टर्बुलेंस के चक्रव्यूह में फंसी टीम इंडिया की फ्लाइट! 26 मिनट तक आसमान में मंडराता रहा खतरा, फिर कैसे बची जान?

Team India Flight Incident:  न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे के बाद भारतीय टीम दो हिस्सों में बंट गई थी। एक टीम टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए वेलिंगटन रवाना हुई, जबकि दूसरी टीम वनडे सीरीज के आखिरी दो मुकाबले खेलने के लिए माउंट माऊंगनुई पहुंची। माउंट माऊंगनुई पहुंचने वाली टीम का पारंपरिक हका डांस के साथ स्वागत किया गया। वहीं, टेस्ट टीम के खिलाड़ियों को वेलिंगटन पहुंचने से पहले विमान में डरावने अनुभव से गुजरना पड़ा। इस टीम में शुभमन गिल, केएल राहुल और अंशुल कंबोज समेत करीब 8-10 सदस्य मौजूद थे।

एयर न्यूजीलैंड की फ्लाइट NZ5817 में सवार थे खिलाड़ी

Revsportz की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय टेस्ट टीम के सदस्य एयर न्यूजीलैंड की फ्लाइट NZ5817 से हैमिल्टन से वेलिंगटन के लिए रवाना हुए थे। विमान में खिलाड़ियों के अलावा भारतीय टीम के बॉलिंग कोच मॉर्ने मॉर्केल और सपोर्ट स्टाफ के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। फ्लाइट ने स्थानीय समय के अनुसार सुबह 11:43 बजे हैमिल्टन से उड़ान भरी थी। शुरुआत में सफर सामान्य रहा, लेकिन वेलिंगटन एयरपोर्ट के नजदीक पहुंचते ही मौसम ने परेशानी खड़ी कर दी।

तेज हवा और टर्बुलेंस से बिगड़ी लैंडिंग

वेलिंगटन एयरपोर्ट पहाड़ियों से घिरा होने के कारण दुनिया के चुनौतीपूर्ण हवाई अड्डों में गिना जाता है। रिपोर्ट के अनुसार, दोपहर करीब 12:45 बजे विमान रनवे से कुछ सौ फीट की ऊंचाई पर था, तभी उसे तेज क्रॉसविंड और टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। हवा के जोरदार झटकों के कारण पायलटों ने जोखिम लेने के बजाय पहली लैंडिंग की कोशिश रद्द कर दी। इसके बाद विमान को दोबारा हवा में ऊपर ले जाने का फैसला किया गया। विमानन की भाषा में इस प्रक्रिया को गो-अराउंड कहा जाता है।

दूसरी कोशिश में सुरक्षित उतरा विमान

पहली कोशिश नाकाम होने के बाद विमान दोबारा 5,000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर पहुंच गया। पायलटों ने हवा की स्थिति अनुकूल होने का इंतजार किया और फिर दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश की। इस बार विमान को सुरक्षित उतारने में सफलता मिली। दोपहर 1:06 बजे विमान वेलिंगटन एयरपोर्ट पर उतर गया। रिपोर्ट के मुताबिक, यह निर्धारित समय से करीब 26 मिनट की देरी से पहुंचा।

सुरक्षित लैंडिंग के बाद खिलाड़ियों ने ली राहत की सांस

विमान में मौजूद भारतीय खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए यह अनुभव काफी डरावना रहा। हालांकि, विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी ने राहत की सांस ली। अच्छी बात यह रही कि तेज हवा और टर्बुलेंस के बावजूद किसी भी खिलाड़ी या स्टाफ सदस्य को चोट नहीं आई।

19 नवंबर से शुरू होगी टेस्ट सीरीज

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत 19 नवंबर से होनी है। सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर खेला जाएगा। ऐसे में टेस्ट टीम के खिलाड़ी आगामी मुकाबले की तैयारियों के लिए वेलिंगटन पहुंचे हैं।

Read More:

सबसे पहले माता सीता ने की थी छठ पूजा, गंगा के बीच आज भी मौजूद हैं देवी के चरण चिह्न! जानिए मुंगेर की इस अनोखी और रहस्यमयी परंपरा का सच

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments