HomeBreaking Newsदिल्ली में ईरानी गैंग की बढ़ीं मुश्किलें, MCOCA के तहत सरगना नासिर...

दिल्ली में ईरानी गैंग की बढ़ीं मुश्किलें, MCOCA के तहत सरगना नासिर समेत 3 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

दिल्ली(Delhi) में संगठित अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने कई राज्यों में सक्रिय बताए जा रहे ईरानी गैंग के कथित सरगना नासिर हाफिज खान उर्फ ईरानी उर्फ समीर और उसके दो अन्य सहयोगियों के खिलाफ महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) के तहत अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। तीनों आरोपियों पर लूट, ठगी, धोखाधड़ी और जबरन वसूली जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में नासिर हाफिज खान उर्फ समीर अली, अली चुन्ना उर्फ राजा और अकबर अली उर्फ कबीर को आरोपी बनाया गया है।

अक्टूबर 2025 में दिल्ली के DBG रोड थाने में दर्ज करीब 18.84 लाख रुपये की लूट के मामले की जांच के दौरान पुलिस को इस गैंग की गतिविधियों से जुड़े अहम सुराग मिले। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों, UPI ट्रांजैक्शन, नकद जमा और एटीएम से निकासी के रिकॉर्ड की पड़ताल की। इसके अलावा वाहनों की खरीद और उनकी फाइनेंसिंग से जुड़े दस्तावेज भी खंगाले गए। पुलिस का आरोप है कि अपराध से कमाए गए पैसों का इस्तेमाल गाड़ियां खरीदने, उनकी लोन किस्तें भरने और दूसरे वित्तीय लेन-देन में किया गया। दिल्ली और ग्रेटर नोएडा समेत कई जगहों की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की गई।

गैंग के सदस्यों पर 70 से ज्यादा आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार, नासिर हाफिज खान के खिलाफ करीब 46, अली चुन्ना के खिलाफ 10 और अकबर अली के खिलाफ 22 आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड सामने आया है। इस तरह तीनों के खिलाफ कुल 78 मामलों में संलिप्तता का उल्लेख किया गया है। जांच में महिंद्रा बोलेरो और हुंडई क्रेटा जैसे वाहनों से जुड़े रिकॉर्ड भी शामिल किए गए हैं।

आगे भी जारी रहेगी पुलिस की जांच

फिलहाल तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं। दिल्ली पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। साथ ही अपराध से अर्जित संपत्तियों और पैसों के पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद इस मामले में अतिरिक्त चार्जशीट भी दाखिल की जाएगी।

यह भी पढ़ें : पत्नी को महंगी गाड़ी का था शौक, पति ने चुरा ली 23 लाख की कार…

RELATED ARTICLES

2 COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments