टाटा ग्रुप के चेयरमैन पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच बड़ा फैसला सामने आया है। बॉम्बे हाउस में हुई बोर्ड बैठक में टाटा संस के निदेशक मंडल ने एन. चंद्रशेखरन को अगले पांच साल के लिए कार्यकारी चेयरमैन बनाए रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। वह 2017 से टाटा संस की कमान संभाल रहे हैं। इस फैसले के साथ फिलहाल नए चेयरमैन की तलाश की प्रक्रिया पर विराम लग सकता है।
अगस्त में नहीं चाहते थे तीसरा कार्यकाल
एन. चंद्रशेखरन को 2022 में दूसरी बार पांच साल के लिए टाटा संस का चेयरमैन नियुक्त किया गया था। वह 2017 में रतन टाटा के बाद इस जिम्मेदारी पर आए थे। इससे पहले अगस्त में उन्होंने बोर्ड को संकेत दिया था कि वह चेयरमैन पद पर दोबारा नियुक्ति नहीं चाहते। इसके बाद टाटा संस के भीतर अगले उत्तराधिकारी की तलाश शुरू होने की खबरें सामने आई थीं। अब बोर्ड की मंजूरी के बाद चंद्रशेखरन के नेतृत्व को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने का रास्ता साफ हुआ है। हालांकि, टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस की ओर से बैठक के फैसले पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई।
फिर चर्चा में RBI के फैसले से IPO का मुद्दा
चंद्रशेखरन के कार्यकाल को आगे बढ़ाने के फैसले का संबंध टाटा संस से जुड़े नियामकीय घटनाक्रम से भी देखा जा रहा है। RBI ने सितंबर 2022 में टाटा संस को ‘अपर लेयर’ NBFC की श्रेणी में रखा था। इसके तहत कंपनी को तय समयसीमा में शेयर बाजार में सूचीबद्ध होना था। टाटा संस ने NBFC रजिस्ट्रेशन वापस लेने के लिए RBI से आवेदन किया था, लेकिन 11 सितंबर को केंद्रीय बैंक ने इसे खारिज कर दिया। इसके बाद टाटा संस की संभावित लिस्टिंग और IPO का मुद्दा फिर महत्वपूर्ण हो गया है। कंपनी की टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, TCS और इंडियन होटल्स समेत कई प्रमुख टाटा कंपनियों में हिस्सेदारी है। ऐसे में संभावित IPO का आकार काफी बड़ा हो सकता है।
नोएल टाटा ने प्रस्ताव के खिलाफ किया मतदान
सूत्रों के अनुसार, बोर्ड बैठक में टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति के प्रस्ताव के खिलाफ वोट किया। इसके बावजूद बोर्ड में बहुमत से प्रस्ताव पारित हो गया। सूत्रों का कहना है कि टाटा संस के संभावित IPO की स्थिति में मौजूदा नेतृत्व को बनाए रखना निवेशकों के भरोसे से जुड़ा एक पहलू माना जा रहा है। हालांकि, इस फैसले और मतदान को लेकर टाटा ट्रस्ट्स या टाटा संस की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
Read More

