ओडिशा में गणेश प्रतिमा विसर्जन(Ganesh Visarjan) के दौरान कई जगहों पर हुए डूबने के हादसों ने उत्सव का माहौल गम में बदल दिया। ओडिशा फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में राज्यभर में डूबने की 14 घटनाएं सामने आई हैं। इनमें 9 लोगों की मौत हुई है जबकि 7 लोगों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया। एक व्यक्ति की तलाश अभी जारी है। I
विभाग के मुताबिक, हादसे गंजाम के हिंजिलिकटु, सुंदरगढ़, भद्रक, कोरापुट और कालाहांडी समेत कई इलाकों में हुए। बचाव दल ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर राहत और तलाश अभियान चलाया। नौ मृतकों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इन घटनाओं में कुछ हादसे गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए। गंजाम और भद्रक में भी विसर्जन के समय लोगों के गहरे पानी में चले जाने से हादसे हुए। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने घटनास्थलों पर पहुंचकर लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
एक व्यक्ति की तलाश जारी
जगतसिंहपुर जिले में भी नदी में लोगों के लापता होने की सूचना के बाद फायर सर्विस की टीम ने तलाशी अभियान चलाया। विभाग के मुताबिक, कुछ शव बरामद किए जा चुके हैं और एक लापता व्यक्ति की तलाश जारी है। I
लगातार सामने आए इन हादसों के बाद जलाशयों और नदियों में विसर्जन के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है। प्रशासन की बचाव टीमें फिलहाल प्रभावित स्थानों पर सर्च और रेस्क्यू अभियान जारी रखे हुए हैं।