Amritsar Airport Suspicious Drone: अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे और आसपास रविवार रात संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने के बाद हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर अमृतसर आने वाली सात उड़ानों का रूट बदल दिया गया। घटना के बाद सीआईएसएफ, पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।
गांव रुढ़ाला की तरफ से आए ड्रोन
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10 बजे एयरपोर्ट के आसपास ड्रोन उड़ते दिखाई दिए। ये गांव रुढ़ाला की तरफ से एयरपोर्ट की ओर आते नजर आए और कुछ देर तक रनवे और आसपास के संवेदनशील इलाकों में मंडराते रहे। सूचना मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने अलर्ट जारी कर दिया।
दिल्ली और चंडीगढ़ भेजी गईं उड़ानें
कुआलालंपुर से अमृतसर आ रही मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान एमएच-118 को दिल्ली डायवर्ट किया गया। शारजाह से आने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-1428 और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स-138 को भी दिल्ली भेजा गया। मुंबई से अमृतसर आ रही इंडिगो की उड़ान 6ई-5028 और दिल्ली से आने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-2045 को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया। वहीं, दिल्ली से अमृतसर आ रही एयर इंडिया की उड़ान एआई-479 और एआई-855 को वापस दिल्ली भेज दिया गया।
ड्रोन की तलाश में जुटीं एजेंसियां
ड्रोन दिखने की सूचना के बाद एयरपोर्ट परिसर और आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई। सुरक्षा एजेंसियों ने ड्रोन की गतिविधियों का पता लगाने के लिए निगरानी शुरू कर दी है। सीमा क्षेत्र के नजदीक होने के कारण एयरपोर्ट की संवेदनशीलता को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। जांच एजेंसियां ड्रोन के स्रोत और उनके उद्देश्य का पता लगाने में जुटी हैं।
Read More:
आज दिल्ली आएंगे CM मान, भोंडसी जेल में बंद संजीव अरोड़ा से करेंगे मुलाकात

