Hanuman Ansh Tax-Free in Uttarakhand: छोटे बजट में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए सबको चौंका दिया है। फिल्म के 2 करोड़ रुपये के मामूली बजट के मुकाबले रिलीज के 30 दिनों में इसका कलेक्शन 85 करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंच चुका है। अब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म को राज्य में टैक्स फ्री करने का ऐलान किया है।
CM धामी ने सिनेमाघर में देखी फिल्म
पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को अपनी पत्नी गीता धामी, कैबिनेट सहयोगियों और कई विधायकों के साथ देहरादून के एक सिनेमाघर में ‘हनुमान अंश’ देखी। फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसे उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक बताया और टीम को बधाई दी।
नीम करौली बाबा की कहानी से प्रभावित हुए CM धामी
सीएम धामी ने X पर फिल्म की तारीफ करते हुए लिखा- ‘हनुमान अंश के जरिए हमें नीम करौली बाबा की तपस्या, त्याग, सेवा और बजरंगबली हनुमान पर उनकी अटूट आस्था को जानने और समझने का मौका मिला है। नीम करौली बाबा का पूरा जीनव मानवता की सेवा, समाज कल्याण और आध्यात्मिक सेवा के लिए समर्पित था।’
भक्ति के साथ सेवा का संदेश
मुख्यमंत्री ने आगे कहा- ‘बाबा नीम करौली महाराज जी का जीवन हम सबको ये संदेश देता है कि भक्ति सिर्फ साधना का मार्ग नहीं है। भक्ति सेवा, समर्पण और मानव कल्याण का भी मार्ग भी है। इस प्रेरणादायक और आध्यात्मिक फिल्म को बनाने के लिए ‘हनुमान अंश’ की टीम को बहुत-बहुत बधाई। कैंची धाम अब दुनिया भर में आस्था और श्रद्धा का एक बड़ा केंद्र बन गया है।’
OTT प्लेटफॉर्म भी नहीं थे खरीदने को तैयार
फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने हाल ही में बताया था कि जिस फिल्म की आज हर तरफ चर्चा हो रही है, उसे रिलीज से पहले कोई भी ओटीटी प्लेटफॉर्म खरीदने के लिए तैयार नहीं था। इसके बावजूद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाई और लगातार शानदार कमाई की।
‘टॉक्सिक’ को भी दे रही टक्कर
रिलीज के बाद ‘हनुमान अंश’ की कमाई लगातार चर्चा में बनी हुई है। प्रतिदिन कमाई के मामले में यह सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ को भी जबरदस्त टक्कर दे रही है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म का 85 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन इसे खास बना रहा है।
क्या है ‘हनुमान अंश’ की कहानी
विशाल चतुर्वेदी के लिखी और निर्देशित इस फिल्म की कहानी लक्ष्मी नारायण नाम के एक दुखी युवक की है, जो अपनी मां की मौत से गहरे सदमे में है। इसके बाद वह ईश्वर की खोज में आध्यात्मिक यात्रा पर निकलता है। जीवन, मृत्यु और मानवीय दुखों के जवाब तलाशते हुए उत्तर भारत की यात्रा के दौरान वह संत नीम करौली बाबा बन जाता है और अपना पूरा जीवन प्रेम, सेवा और अनगिनत लोगों के जीवन को प्रभावित करने में लगा देता है।
इन कलाकारों ने निभाए अहम किरदार
फिल्म में शोभिनव सत्य मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ पूर्णिमा तिवारी, विहान शेडगे, चंदन के आनंद और अनिल रस्तोगी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।
Read More:
अमित शाह पहुंचे गोवा, BJP में हलचल तेज, जानें क्या है पार्टी का बड़ा गेमप्लान…


[…] […]