अमृतसर(Amritsar) में श्री हरमंदिर साहिब के पास स्थित एक होटल में रविवार सुबह आईडी प्रूफ मांगने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने होटल मालिक के साथ मारपीट की और होटल में तोड़फोड़ भी की। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें पूरी वारदात कैद होने का दावा किया जा रहा है।
मामला श्री हरमंदिर साहिब के नजदीक स्थित केसी होटल का है। होटल मालिक रॉकी के मुताबिक, कुछ लड़कियों को होटल में कमरा दिया गया था। कुछ देर बाद दो युवक वहां पहुंचे और कमरे में जाने की बात कही। होटल के नियमों के तहत उनसे पहचान पत्र मांगा गया, लेकिन उन्होंने आईडी दिखाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर होटल मालिक और युवकों के बीच बहस हो गई।
कुछ देर बाद कई युवकों के साथ लौटे
रॉकी का आरोप है कि विवाद के बाद दोनों युवक करीब 5-6 अन्य युवकों को साथ लेकर होटल में वापस आए। इसके बाद सभी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान होटल के शीशे तोड़ने और सामान को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है।
होटल मालिक के मुताबिक, हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी। उसका दावा है कि सिर पर कड़े या किसी तेजधार वस्तु से वार किया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल होटल मालिक को इलाज के लिए भेजा।
CCTV में कैद हुई मारपीट
सीसीटीवी फुटेज में होटल के रिसेप्शन पर कुछ लोग बैठे नजर आते हैं। इसी दौरान कुछ युवक अंदर आते हैं और होटल मालिक के साथ मारपीट शुरू कर देते हैं। फुटेज में लात-घूंसे और थप्पड़ मारते हुए लोग दिखाई देते हैं। आरोप है कि टेबल पर रखी बोतल से भी हमला किया गया। करीब एक मिनट 10 सेकंड तक चले इस घटनाक्रम के बाद युवक वहां से निकल गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे दूसरे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी जा रही है। थाना बी-डिवीजन के अधिकारी सतनाम सिंह के मुताबिक, होटल मालिक की शिकायत और लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। जांच में जो भी व्यक्ति घटना में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
[…] […]