Himachal Pradesh Landslide: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मंगलवार को भारी बारिश के बीच बड़ा भूस्खलन हुआ। भरमौर के कोडला उरई सड़क मार्ग पर अचानक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा। इसके बाद सड़क पर मलबा और बड़े पत्थर फैल गए, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई। पहाड़ का हिस्सा गिरता देखकर आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
बाल-बाल बचे लोग और वाहन
गनीमत रही कि भूस्खलन की चपेट में कोई व्यक्ति या वाहन नहीं आया। हादसे में किसी के घायल होने या किसी की मौत की भी जानकारी नहीं है। हालांकि, सड़क पर मलबा और पत्थर आने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश से 125 सड़कें प्रभावित
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। राज्य में बारिश से 125 सड़कें प्रभावित हुई हैं। इसका सबसे ज्यादा असर मंडी जिले में देखने को मिल रहा है। कई जगहों पर लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
29 अगस्त तक बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 29 अगस्त तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। राज्य में 25 से 30 अगस्त के बीच कहीं-कहीं या कुछ स्थानों पर बारिश होने का पूर्वानुमान है। इसी अवधि में पूरे प्रदेश में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
उत्तराखंड में भी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में 25 से 30 अगस्त के बीच करीब-करीब पूरे राज्य में बारिश होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना भी है। ऐसे में पहाड़ी इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
कई राज्यों में सक्रिय रहेगा मानसून
पूर्वी राजस्थान में 26 अगस्त तक कहीं-कहीं आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून सक्रिय रहने का अनुमान है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 28 अगस्त तक व्यापक बारिश हो सकती है।
बिहार और झारखंड में भी बारिश
झारखंड में भी इस अवधि के दौरान कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। बिहार में 25 और 26 अगस्त को बारिश का दौर सक्रिय रह सकता है। मौसम के इस पूरे सिस्टम को देखते हुए पहाड़ी और प्रभावित इलाकों में प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
Read More:
कानपुर में फेंकी गई एक्सपायर्ड चॉकलेट-टॉफी लूटने के लिए उमड़ी भीड़, Video Viral

