संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘समरसता संकल्प अभियान एवं पावन माटी कलश वितरण’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने की। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी को नमन करते हुए कहा कि संत रविदास जी ने सामाजिक ऊंच-नीच और कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाकर सामाजिक समरसता की मजबूत नींव रखी। उनके विचार आज भी समानता, सम्मान और सामाजिक एकता की प्रेरणा देते हैं।
संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान एवं पावन माटी कलश वितरण’ कार्यक्रम में भाजपा के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन जी की गरिमामयी उपस्थिति में सम्मिलित होने का सौभाग्य मिला।
संत रविदास जी ने समता, श्रम की… pic.twitter.com/gcff02UoEP
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) August 24, 2026
नितिन नबीन ने कहा कि ‘समरसता संकल्प अभियान’ संत रविदास जी के इन्हीं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है। अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर की गई थी। पावन माटी कलश संत रविदास जी की तपोभूमि से उनके समरसता और एकता के संदेश को देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने का माध्यम बनेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र में भी सामाजिक समरसता की यही भावना निहित है।
इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि संत रविदास जी ने समता, श्रम की प्रतिष्ठा, सामाजिक समरसता और प्रत्येक मनुष्य के सम्मान पर आधारित समाज का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज को न्याय, समानता, एकता और समावेश की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पावन माटी कलश केवल पवित्र मिट्टी के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि इनमें संत रविदास जी की तपोभूमि से निकला समरसता, एकात्मता और सामाजिक समानता का संदेश भी समाहित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विजन से प्रेरणा लेते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और गरिमा उपलब्ध कराने का सामूहिक संकल्प होना चाहिए। संत रविदास जी के आदर्शों को सामाजिक जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शिवेश कुमार राम जी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य , पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम , सांसदगण, दिल्ली सरकार के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, जिला अध्यक्षगण, संत समाज एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से संत रविदास जी के समानता, सामाजिक समरसता, श्रम की गरिमा और मानव सम्मान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को एकता और सद्भाव के सूत्र में जोड़ने का संकल्प दोहराया गया।

